
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / बर्लिन : जर्मनी की राजधानी बर्लिन में उत्तर प्रदेश के वैभव की झलक दिख रही है। 04 मार्च से 06 मार्च तक चलने वाले आईटीबी बर्लिन में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से राज्य के पर्यटन आकर्षणों और क्षमताओं को विश्व समुदाय के समक्ष प्रदर्शित किया जा रहा है। यहां अयोध्या, काशी, मथुरा, झांसी, प्रयागराज, ललितपुर और प्रसिद्ध टाइगर रिजर्व के साथ-साथ लखनऊ की प्रसिद्ध चिकनकारी सहित अन्य पर्यटन आकर्षणों को दर्शाया गया है। आईटीबी बर्लिन में यूपी के स्टॉल पर बड़ी संख्या में लोग उमड़ रहे हैं।

यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। जयवीर सिंह ने बताया कि बर्लिन में 40 वर्ग मीटर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पर्यटन का स्टॉल लगाया गया है। यहां प्रदेश की आध्यात्मिक-सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के साथ हस्तशिल्प, ओडीओपी तथा प्रसिद्ध पर्व त्योहारों को दर्शाया गया है। आगंतुकों के लिए अंग्रेजी के साथ स्थानीय भाषा का भी प्रयोग किया गया है, ताकि लोगों को समझने में आसानी हो सके। डिजिटल स्क्रीन, एआर इंटरैक्टिव टच पैनल, सेल्फी जोन, वीवीआईपी लाउंज, रिसेप्शन काउंटर आदि बनाए गए हैं।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि आईटीबी बर्लिन में बैठकें तथा अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंटों और प्रमुख पर्यटन हितधारकों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तुतियां और चर्चा की जाएंगी। साथ ही, भारतीय दूतावास के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय रोड शो आयोजित जाएंगे, जिनमें कम से कम 100 प्रतिभागी शामिल होंगे। रोड शो के माध्यम से पर्यटन आकर्षण, निवेश अवसरों, मौजूदा टूर पैकेजों आदि की जानकारी दी जाएगी।

जयवीर सिंह ने बताया कि विदेशी धरती पर आयोजित कार्यक्रम इनबाउंड टूरिज्म के लिए हितकारी सिद्ध होगा। कार्यक्रम में विकसित की जा रहीं साझेदारियां और निवेश संभावनाएं राज्य में पर्यटन वृद्धि और निवेश में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। हमें आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि आने वाले दिनों में इन प्रयासों से प्रदेश में विदेशी पर्यटन बढ़ेगा।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat