Breaking News

नैमिषारण्य में हम जो निर्णय ले रहे हैं, उससे असुरों मेें घबराहट स्वाभाविक है : अखिलेश यादव

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / सीतापुर : सीतापुर के नैमिषारण्य में लोक जागरण अभियान के अन्तर्गत समाजवादी पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में आज दूसरे दिन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 46 डिग्री गर्मी में भी दूर-दूर से चलकर आए कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा अब घबरा रही है। लोकसभा चुनाव में समाजवादी भाजपा को हराने का काम करेंगे। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने कहा अब साफ्ट नहीं, हार्ड बनने पर ही मजबूती से भाजपा का मुकाबला कर पाएंगे।

यादव ने कहा कि भाजपा लगातार झूठ बोलकर वोट हथियाने का काम करती रही है। जो वादे भाजपा ने किया था वे आज तक पूरे नहीं हुए। भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के नेताओं पर झूठे मुकदमें लगा रही हे। ये कहां की राजनीति है। जनता इस बार भाजपा का सफाया करेगी। उन्होंने कहा भाजपा ने नया शब्द ईजाद किया है ‘साफ्ट हिन्दुत्व‘ के रास्ते पर जाने का। हम लोग तो पहले से ही बहुत साफ्ट हैं, बस अब हार्ड होने की जरूरत है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रतिष्ठित अखबार, टीवी चैनल यूपी की पुलिस को चोर पुलिस कह रहे हैं ? भाजपा ने पुलिस को बर्बाद कर दिया है। इसके कारनामे शर्मनाक हो गए हैं। खबरें छपी हैं कि पुलिस ने 50 किलों चांदी चुरा ली और पुलिस ही पुलिस को गिरफ्तार कर रही है। भाजपा सरकार ने पुलिस को वसूली की खुली छूट दे दी है।

यादव ने कहा नेशनल क्राईम रेकॉर्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़े बताते हैं कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा पुलिस हिरासत में मौतें हुई हैं। भाजपा सरकार में फर्जी मुकदमें लिखे जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में लगभग 15 हजार एनकाउंटर हुए, जिनमें 5 हजार घायल हुए और कई निर्दोष मारे गए हैं।

अखिलेश यादव ने कहा हमारे मुख्यमंत्री जी का कहना है कि 100 में केवल 4 बेरोजगार हैं। मुख्यमंत्री जी वही करते हैं जो अधिकारी कहते हैं। अधिकारियों ने कह दिया, उन्होंने पढ़ दिया। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। जेल में, कचहरी में, सड़क पर हत्याएं हो रही हैं। मुख्यमंत्री जी बेपरवाह हैं। प्रदेश में महिलाएं और बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। भाजपा सरकार ही इसके लिए जिम्मेदार है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब भी समाजवादियों को मौका मिलेगा, जातीय जनगणना कराएंगे और जब तक हम लोग सरकार में नहीं है सरकार से जातीय जनगणना कराने को कहेंगे। बिना जातीय जनगणना के सामाजिक न्याय नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा आज टेक्नालाजी के माध्यम से सरकार चाहे तो कुछ ही महीने के अन्दर जातीय जनगणना करा सकती है। ये अपने लिए तो गिन लेते हैं, लेकिन किसी योजना के लिए नहीं गिन रहे हैं। भाजपा सरकार बाबा साहेब के संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। वंचितों, पिछड़ों, दलितों के लिए आरक्षण की व्यवस्था को खत्म करने की साजिश हो रही है।

यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन-ट्रिपल इंजन की सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। हर चीज के दाम बढ़ गए हैं। रसोई गैस, डीजल, पेट्रोल और खाद्य वस्तुएं सभी मंहगी हो गई है। इस सबका मुनाफा बड़े पूंजीघरानों को जा रहा है। निवेष के नाम पर एमओयू हुए पर जमीन पर कहीं कुछ दिखाई नहीं दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार डिजिटल इण्डिया और 1 ट्रिलियन डालर इकोनामी की बातें करती हैं, दूसरी तरफ सांडों की समस्या से छुटकारा नहीं मिल रहा है। समाजवादी पार्टी की मांग है कि जिन गरीब और किसान की साड़ के कारण जान गई है, उन्हें सरकार पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा दे।
यादव ने कहा कि नैमिषारण्य पौराणिक धरती है। यह पवित्र धरती है जहां असुरों की जगह नहीं। जिसका सुर खराब है, जो अत्याचार करे वहीं असुर है। यहां हम जो निर्णय ले रहे हैं उससे असुरों मेें घबराहट स्वाभाविक है।
प्रशिक्षण शिविर में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा ने कहा कि प्रदेश में जो विकास कार्य हुए, वे सब समाजवादी सरकार में हुए हैं। सन् 2024 के लोकसभा चुनाव हमारे लिए चैलेंज है। हमें चुनाव जीतने का संकल्प लेना है और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती देनी चाहिए। पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव में नई सोच और शिक्षा है। उनमें संभावनाएं हैं। समाजवादी पार्टी की युवा शक्ति जरूर परिवर्तन लाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल एवं अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादरी ने शिविर के प्रशिक्षणार्थियों को सम्बोधित किया। समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने गीत-संगीत की प्रस्तुति दी। आनन्द भदौरिया पूर्व एमएलसी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
अखिलेश यादव बाद में सामाजिक न्याय, जातीय जनगणना यात्रा के प्रेरक संदेश के साथ लोक जागरण यात्रा पर रवाना हुए। वे रथ यात्रा से सिधौली पहुंचे। वहां पर उन्होंने पूर्व विधायक हरगोविन्द भार्गव के आवास पर कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
प्रशिक्षण शिविर में अवधेश प्रसाद पूर्व मंत्री एवं विधायक, आर.के. चौधरी पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद कैसर जहां, अनूप गुप्ता, रामपाल सिंह यादव पूर्व विधायक, एमएलसी जासमीर अंसारी, विकास यादव, डॉ0 फिदा हुसैन, सीएल वर्मा, गीता सिंह, झीन बाबू, रामपाल राजवंशी, रीबू श्रीवास्तव, अनिल वर्मा, प्रो0 बी.पी. पाण्डेय, धर्मेन्द्र सोलंकी, दिग्विजय सिंह देव, राधेश्याम जायसवाल आदि प्रमुख नेताओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही है।

Loading...

Check Also

एएमसी सेंटर एवं कॉलेज को अपना पहला 108 फीट का स्मारक ध्वज मिला

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : लेफ्टिनेंट जनरल कविता सहाय, एसएम, वीएसएम, कमांडेंट एएमसी सेंटर ...