
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली / लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सोमवार भारतीय जनता पार्टी के ‘संगठन पर्व’ के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए देश की राजधानी दिल्ली पहुँचे। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक प्रक्रिया के दौरान उन्होंने पार्टी के विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ नेताओं और राष्ट्रीय पदाधिकारियों से भेंट की।
वरिष्ठ नेताओं से भेंट और प्रदेश विकास पर चर्चा अपने दिल्ली प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री मौर्य ने पार्टी के प्रतिष्ठित नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से शिष्टाचार भेंट की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की विकास परियोजनाओं, विशेषकर ग्रामीण बुनियादी ढांचे और जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति के संबंध में शीर्ष नेतृत्व के साथ विस्तार से चर्चा की।

संगठनात्मक प्रक्रिया में सहभागिता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सोमवार नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस ऐतिहासिक अवसर पर मौर्य ने उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक दल है, जहाँ आंतरिक लोकतंत्र का पालन करते हुए सर्वसम्मति और सामूहिक निर्णय से नेतृत्व का चुनाव होता है।
पारदर्शिता और सुशासन पर जोर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उप मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य अंत्योदय है। संगठन की शक्ति और सरकार की योजनाओं के समन्वय से हम उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।”
उप मुख्यमंत्री मंगलवार भी दिल्ली में कुछ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा ले सकते हैं, जिसके पश्चात उनका लखनऊ वापसी का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat