
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में 01 से 15 नवंबर तक आयोजित हो रहे भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग अपनी प्रभावशाली उपस्थिति से देशभर का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश अपनी अमूल्य सांस्कृतिक विरासत, लोक-परंपराओं और पर्यटन विविधता को एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ प्रस्तुत कर रहा है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
मंत्री ने बताया कि भारत पर्व 2025 में देश की हृदयस्थली उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, लोक-कला, संगीत और पारंपरिक व्यंजनों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन के स्टॉल पर राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और सामूहिक गौरव का संदेश देगा।

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि शारत पर्व में उत्तर प्रदेश से भेजे जा रहे 12 विशिष्ट विधाओं के 72 प्रतिभाशाली कलाकार पारंपरिक और शास्त्रीय कलाओं की अनूठी झलक प्रस्तुत करेंगे। इस दल में शहनाई की धुनें, शंख की गूंज, डमरू की ओजस्वी ध्वनि, कथक की मनमोहक संरचनाओं तथा मयूर और राइ जैसे रंगारंग लोक नृत्य दर्शकों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगे। उत्तर प्रदेश के कलाकार 12 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न सांस्कृतिक दल जैसे- पाई डंडा, चरकुला, फरुवाही, थारू लोक नृत्य, बधावा लोकनृत्य और ढेढ़िया, गुजरात में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को प्रदर्शित करेंगे।विविध रंगों, लयों और परंपराओं से सजी यह सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रदेश की एकता और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत उत्सव बनकर सामने आएगी।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भारत पर्व 2025 में आगामी 15 नवंबर तक दर्शकों के लिए हस्तशिल्प स्टॉल, फूड स्टॉल, कठपुतली शो, स्टूडियो किचन और थीम पेविलियन जैसी मनमोहक प्रस्तुतियां दर्शकों को आकर्षित करेगी।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat