
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में शुक्रवार 26 सितंबर को हिंदी प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित ‘हिंदी पखवाड़ा उत्सव 2025’ के अंतर्गत कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने की। इसके अतिरिक्त मंच पर प्रसिद्ध कवियों में लखनऊ से विजय त्रिपाठी एवं अशोक अग्निपथी, बनारस से ए.के. श्रीवास्तव ‘चकाचौंध ज्ञानपुरी एवं पूनम श्रीवास्तव, प्रयागराज के डॉ. विनम्र सेन सिंह एवं मऊ के डॉ. सुभाष चंद्र रसिया और सहायक निदेशक, राजभाषा, बीबीएयू एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. बलजीत कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे। सर्वप्रथम कार्यक्रम संयोजक डॉ. बलजीत कुमार श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया एवं सभी को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रुपरेखा से अवगत कराया।

कवि सम्मेलन का वातावरण अत्यंत भावपूर्ण और ऊर्जावान रहा। कवियों ने अपने काव्यपाठ में देशभक्ति की भावनाओं को मुखर किया, स्वतंत्रता संग्राम की गाथाओं को जीवंत किया और श्रोताओं को गौरव एवं उत्साह से भर दिया। समाज में व्याप्त विभिन्न समस्याओं जैसे असमानता, जातीय भेदभाव, भ्रष्टाचार, पर्यावरण संरक्षण तथा महिलाओं की स्थिति जैसे मुद्दों को कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से उठाया और सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त प्रेम, मानवीय संवेदनाएँ और करुणा जैसे शाश्वत विषयों पर भी भावपूर्ण कविताएँ प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने उपस्थित श्रोताओं को गहराई तक प्रभावित किया।

समस्त कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, अधिकारीगण, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।