
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी नए मंत्रिमंडल के लिए विधायकों की सूची को अंतिम रूप देने के बाद शनिवार दोपहर राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात करेंगे। सूत्रों ने बताया कि ऐसी उम्मीद है कि चन्नी दोपहर में राज्यपाल से मिलेंगे और नए मंत्रियों के लिए शपथ ग्रहण समारोह रविवार को आयोजित होने की संभावना है।
चन्नी के दिल्ली से लौटने के कुछ घंटे बाद यह घटनाक्रम सामने आया है। वहां उन्होंने नए मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले चेहरों को लेकर पार्टी के आलाकमान के साथ अंतिम चरण की चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि चन्नी नीत मंत्रिमंडल में सात नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है जबकि अमरिंदर सिंह की सरकार में मंत्री रहे पांच विधायकों का पत्ता कट सकता है। मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा करने के लिए चन्नी को कांग्रेस आलाकमान ने शुक्रवार को दिल्ली तलब किया था।
सूत्रों के अनुसार नए लोगों में परगट सिंह, राज कुमार वेरका, गुरकीरत सिंह कोटली, संगत सिंह गिलजियान, कुलजीत सिंह नागर, राणा गुरजीत सिंह और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग शपथ ले सकते हैं। वहीं सुखजिंदर रंधावा (उपमुख्यमंत्री), ओपी सोनी (उपमुख्यमंत्री), मनप्रीत सिंह बादल, ब्रह्म मोहिन्द्रा, त्रिपत राजिंदर सिंह बाजवा, रजिया सुल्ताना, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, भारत भूषण आशु, अरुणा चौधरी और विजय इंदर सिंगला में से कुछ को दोबारा मौका मिल सकता है।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat