
राहुल यादव, लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रदेश में पर्यटन विकास को प्रदान की जा रही प्राथमिकता के उत्साहजनक परिणाम मिल रहे हैं। भारतीय पर्यटक सांख्यिकी के अनुसार वर्ष 2020 में भारतीय पर्यटकों के आगमन की दृष्टि से उत्तर प्रदेश, देश में प्रथम स्थान पर है।
वर्ष 2019 में इस सम्बन्ध में राज्य का द्वितीय स्थान था।
प्रमुख सचिव पर्यटन ने बताया कि वर्ष 2019 में 53,58,55,162 भारतीय पर्यटक प्रदेश में भ्रमण के लिए आये थे।
इस अवधि में 47,45,181 विदेश पर्यटक भी प्रदेश में आये थे।
विदेशी पर्यटकों की संख्या के आधार पर राज्य का स्थान तीसरा रहा।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में प्रदेश में अनेक परिपथ चिन्हित किये गये हैं।
इसमें रामायण सर्किट, बृज सर्किट, महाभारत सर्किट, शक्तिपीठ सर्किट, आध्यात्मिक सर्किट, जैन सर्किट, बुद्धिस्ट सर्किट आदि प्रमुख हैं।
इन परिपथों के सभी पर्यटक स्थलों के उच्चीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में पर्यटन विभाग द्वारा केन्द्रीय, राज्य एवं जनपद स्तरीय विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों का नवीनीकरण एवं सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा विभिन्न पर्वांे, महोत्सवों एवं मेलों आदि के आयोजन एवं इनके व्यापक प्रचार-प्रसार से पर्यटकों के लिए नये आकर्षण उपलब्ध हुए हैं।
राज्य में धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक स्थलों के साथ-साथ प्राकृतिक सौन्दर्य के भी अनेक स्थान हैं।
वन्यजीव आदि से जुड़े अनेक स्थान भी प्रदेश में हैं।
विविधतापूर्ण पर्यटन आकर्षण से समृद्ध होने तथा पर्यटकों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं के फलस्वरूप उत्तर प्रदेश, देश-विदेश में महत्वपूर्ण पर्यटन केन्द्र के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat