
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / वाराणसी : महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर संभावित अतिरिक्त यात्री भीड़ के दृष्टिगत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ कुलदीप तिवारी द्वारा रविवार वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में की गई भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा तथा यात्री सुविधाओं की व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट काउंटर, आरक्षण कार्यालय तथा प्रवेश/निकास द्वारों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए समुचित भीड़ नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए बैरिकेडिंग, अतिरिक्त टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क, उद्घोषणा प्रणाली तथा सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता एवं प्रकाश व्यवस्था का भी विशेष निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान 2nd Entry की ओर स्थित पार्किंग स्थल एवं फूड वैन का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान पार्किंग एवं खानपान सेवाओं में निर्धारित दरों के पालन, स्वच्छता एवं सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए साथ ही यात्रियों को जागरूक करते हुए अपील की कि किसी भी सेवा अथवा खरीद के उपरांत भुगतान का अधिकृत बिल अवश्य प्राप्त करें, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो तथा किसी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में उत्पन्न न हो l

निरीक्षण के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं जीआरपी अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल महाशिवरात्रि पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat