
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, कोटा : पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक ने अपने कोटा मंडल के निरीक्षण के दौरान वाणिज्य विभाग की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं एवं अनुबंध-प्रबंधन प्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण का उद्देश्य मंडल में संचालित वाणिज्यिक गतिविधियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए निगरानी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना था।
निरीक्षण के दौरान खानपान, पार्किंग, पार्सल, सफाई, पे-एंड-यूज़ तथा व्यय से संबंधित विभिन्न वाणिज्यिक अनुबंधों की समीक्षा की गई। अनुबंधों की प्रगति, अनुपालन एवं निरीक्षण विवरण की सतत मॉनिटरिंग को सरल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विकसित एकीकृत ई-पोर्टल/ऐप का शुभारंभ प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक द्वारा किया गया। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म विभिन्न अनुबंधों की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति को संक्षिप्त “एट-ए-ग्लांस” स्वरूप में उपलब्ध कराएगा, जिससे समयबद्ध निगरानी एवं नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम से अनुबंध-प्रबंधन प्रणाली अधिक पारदर्शी एवं उत्तरदायी बन सकेगी। उन्होंने आवश्यक संशोधनों एवं तकनीकी उन्नयन के साथ इस प्रणाली को भविष्य में क्षेत्रीय स्तर पर विस्तारित करने के संकेत भी दिए।
निरीक्षण क्रम में उन्होंने मंडल की प्रमुख वाणिज्यिक इकाइयों—गुड्स साइडिंग, बुकिंग कार्यालय, यार्ड तथा पार्सल कार्यालय आदि—का भी अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीना , मंडल वाणिज्य प्रबंधक किशोर कुमार पटेल एवं गजेन्द्र कुमार त्रिवेदी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक जितेन्द्र सिंह सोहल एवं अमित वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat