
सूर्योदय भारत समाचार सेव, लखनऊ : जिज्ञासा क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित कॉर्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट ‘डेस्क टू पिच कप–सीजन 1’ के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में रोमांचक खेल देखने को मिला। उद्घाटन मैच में वृंदावन क्रिकेट क्लब ने लखनऊ सुपर स्ट्राइकर को हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में WTC ने SGPGI वॉरियर्स पर जीत दर्ज की।
उद्घाटन मुकाबले में वृंदावन क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से अमित सिंह ने 44 गेंदों पर 65 रन की प्रभावी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जवाब में लखनऊ सुपर स्ट्राइकर की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 160 रन ही बना सकी और मुकाबला 8 रन से हार गई। मैच अंत तक रोमांचक बना रहा, लेकिन वृंदावन क्रिकेट क्लब ने संयमित प्रदर्शन के साथ जीत अपने नाम की। इस मैच में हरीश सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि आकाश को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और हरीश सिंह को ही सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला।
दूसरे मुकाबले में SGPGI वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन पूरी टीम 19.2 ओवर में 102 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से आशीष तिवारी ने 31 गेंदों पर 34 रन बनाकर संघर्षपूर्ण पारी खेली। WTC की ओर से एक गेंदबाज ने घातक स्पेल डालते हुए 3.2 ओवर में मात्र 11 रन देकर 4 विकेट झटके और विपक्षी टीम को कम स्कोर पर रोक दिया। 103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी WTC की टीम ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 108 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। SGPGI की ओर से गौरव और अमित ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इस मैच में जीतू को मैन ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया, जबकि आशीष तिवारी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार मिला।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat