ब्रेकिंग:

अटल जी के विचार आज भी राष्ट्र को दिशा दे रहे हैं : मंत्री स्वतंत्र देव सिंह

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : अटल जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर भावपूर्ण एवं प्रेरक उद्बोधन दिया।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी करोड़ों देशवासियों के हृदय में सदैव दीपक की भांति प्रकाशित रहेंगे। वे केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि जननायक, प्रखर वक्ता, ओजस्वी कवि, संवेदनशील पत्रकार और भारत माता के सच्चे सपूत थे। उनकी वाणी में कविता और निर्णयों में दृढ़ता थी, जो उन्हें युगद्रष्टा नेता बनाती है।

उन्होंने कहा कि अटल जी की जीवन यात्रा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं से प्रारंभ होकर जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के वैचारिक संघर्षों से गुजरते हुए लोकतांत्रिक सत्ता के सर्वोच्च शिखर तक पहुँची। उनके लिए राजनीति सत्ता का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का माध्यम थी।

उन्होने अटल जी के संसदीय जीवन, आपातकाल के बाद की भूमिका, संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिंदी में दिए गए ऐतिहासिक भाषण, पोखरण परमाणु परीक्षण, कारगिल युद्ध के दौरान साहसिक नेतृत्व तथा सुशासन की मिसाल बने उनके प्रधानमंत्री काल का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और दूरसंचार क्रांति जैसी पहलों ने भारत के विकास की मजबूत नींव रखी।

उन्होने कहा कि अटल जी का जीवन इस बात का प्रमाण है कि संगठन राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला होता है, जहाँ से निकलकर कार्यकर्ता वैश्विक मंच पर भी देश का नेतृत्व कर सकता है।

अंत में उन्होंने कहा कि अटल जी का नाम ही नहीं, उनके विचार, निर्णय और राष्ट्र के प्रति समर्पण भी अटल था। आज उनकी जन्म शताब्दी पर हम सभी को उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र सेवा के पथ पर आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।

Loading...

Check Also

एमजी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के विद्यार्थी, राजकीय अभिलेखागार में लेंगे 09 जनवरी तक प्रशिक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा, महाराष्ट्र के विद्यार्थियों …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com