
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनकल्याण के कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों की एकजुटता ही प्रदेश में स्थिर, मजबूत और जनविश्वास से परिपूर्ण सरकार का आधार है। सभी सहयोगी दलों के समन्वय और सकारात्मक भूमिका से प्रदेश की जनता को योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग का सशक्तिकरण है। कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में प्रदेश ने ऐतिहासिक प्रगति की है।

उप मुख्यमंत्री ने सभी सहयोगी दलों के शीर्ष नेता एवं सरकार में मंत्रीगणों से आह्वान किया कि वे जनसंपर्क को और मजबूत करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।
बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की और मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यों का केंद्र बिंदु प्रदेश का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने सहयोगी दलों के योगदान की सराहना करते हुए टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, ओम प्रकाश राजभर, डॉ. संजय कुमार निषाद, आशीष पटेल, भाजपा उत्तर प्रदेश के महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह तथा मुख्य सचेतक, विधानमंडल दल एवं विधायक राम नरेश अग्निहोत्री की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें आगामी रणनीतियों, जनहित से जुड़े विषयों एवं सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat