
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / बदायूं : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी सम्बंधित अधिकारियो को निर्देश दिये कि जनपद बदायूं के प्रत्येक विकास खण्ड के 10-10 ग्राम सभाओं में हर घर नल से जल योजना का स्थलीय निरीक्षण कराया जाय।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को बदायूँ के कलेक्ट्रेट स्थितअटल बिहारी वाजपेयी सभागार में अधिकारियों के साथ जिले के विकास, निर्माण, सोशल सेक्टर की योजनाओं व कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना -ग्रामीण में विधवा महिलाओं व दिव्यांगजनों को भी लाभ दिया जाता है,इसलिए पात्रों का चयन ठीक प्रकार से किया जाए। योजनाओं का लाभ पात्रों को ही मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आकांक्षात्मक ब्लॉक के रूप में देश के 500 ब्लॉकों के लिए 6 जोन बनाए गए हैं, जिसमें द्वितीय जोन में पंजाब व उत्तर प्रदेश के लगभग 85 ब्लॉक हैं, इनमें से डेल्टा रैंकिंग में जनपद बदायूँ के अम्बियापुर ब्लॉक को द्वितीय पुरस्कार मिला है, जिसके तहत इस ब्लॉक को एक करोड़ रुपए की धनराशि विकास कार्यां के लिए अलग से दी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने ब्लॉक अम्बियापुर के चुने जाने पर अधिकारियों को बधाई दी तथा खण्ड विकास अधिकारी अम्बियापुर शैली गोविल व केन्द्र सरकार के शोधार्थी आशीष वर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
इससे पहले कलेक्ट्रेट आगमन पर उपमुख्यमंत्री को गार्ड आफ ऑनर दिया गया, वहीं बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपमुख्यमंत्री को राम दरबार स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया।
इस अवसर पर बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश सिंह गुप्ता, पूर्व एमएलसी जितेन्द्र यादव, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक जे0के0 सक्सेना, शारदेंदु पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि व जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat