
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ. आदित्य आभा सिंह को ऑल इंडिया बॉटैनिकल सोसाइटी (AIBS) द्वारा प्रतिष्ठित प्रो. वाई.एस. मूर्ति मेडल (2025) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 48वीं ऑल इंडिया बॉटैनिकल कॉन्फ्रेंस एवं “बायोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी ऑफ़ प्लांट डायवर्सिटी फॉर बायोइकोनॉमी” अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान प्रदान किया गया, जिसका आयोजन 29 से 30 अक्टूबर तक नॉर्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी (NEHU), शिलांग में किया गया।
प्रो. वाई.एस. मूर्ति मेडल भारतीय वनस्पति विज्ञान जगत में एक महत्वपूर्ण सम्मान माना जाता है, जो हर वर्ष उत्कृष्ट शोध कार्य करने वाले शिक्षाविदों और वैज्ञानिकों को प्रदान किया जाता है।
डॉ. सिंह को यह सम्मान उनके सी-4 पौधों (विशेषकर मक्का) पर वायुमंडलीय प्रदूषक ओज़ोन के प्रभाव तथा जलवायु परिवर्तन से जुड़े कारकों जैसे बढ़ते कार्बन डाइऑक्साइड स्तर के साथ उसकी अंतःक्रिया पर किए गए महत्वपूर्ण शोध के लिए दिया गया है। अपने पुरस्कार व्याख्यान में उन्होंने बताया कि ट्रोपोस्फेरिक ओज़ोन मक्का की उपज में गिरावट लाता है तथा उसके पोषण स्तर को भी प्रभावित करता है, जो भविष्य की खाद्य सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है।
डॉ. सिंह ने अपने शोध मार्गदर्शक और संरक्षक प्रो. एस.बी. अग्रवाल, NASI वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन ने इस शोध को दिशा दी। डॉ. सिंह का शोधकार्य वायु प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा इनके शमन उपायों पर केंद्रित है, जिसके माध्यम से वे कृषि उत्पादकता और पर्यावरणीय स्थिरता को सुरक्षित रखने के लिए वैज्ञानिक समाधान तलाश रही हैं।
भारतीय वनस्पति सोसाइटी प्रत्येक वर्ष अपने पदकों और सम्माननों के माध्यम से वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देती है और युवा शोधकर्ताओं को प्रेरित करती है।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat