
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : रेलवे द्वारा दीपावली, छठ पूजा और त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए है। रेलवे द्वारा देश में रिकॉर्ड 12,000 स्पेशल रेल सेवाओं का विभिन्न गंतव्यों के लिए संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा भी त्यौहारों पर अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए विभिन्न गंतव्य स्थानों के लिए 106 स्पेशल ट्रेनों के 986 फेरों का संचालन किया जा रहा है साथ ही 60 नियमित ट्रेनों में 175 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े गए है। इसके साथ ही प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के विशेष प्रबंध किए गए है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रहे है। अमिताभ ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे पर यात्रियों की किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसके लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए है। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख स्टेशनों से विभिन्न गंतव्यों के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। छठ पर्व के लिए बिहार, उत्तर प्रदेश के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार त्यौहारों के समय स्टेशनों पर यात्री भार को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे पर 01 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक स्पेशल रेलसेवाओं के 638 फेरों का संचालन किया गया। इसके अतिरिक्त यात्रियों को राहत प्रदान करने के क्रम में विभिन्न रेलसेवाओं में 175 डिब्बों की अस्थाई बढोतरी की गई है।
रेलवे द्वारा नियमित रूप से यात्री भार की मॉनिटरिंग की जा रही है एवं आवश्यकतानुसार स्पेशल रेल सेवाओं का संचालन एवं रेल सेवाओं में अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जा रहे हैं।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat