
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / स्कैंडिनेविया – डेनमार्क : प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को डेनमार्क के स्कैंडिनेविया में 23 से 27 सितम्बर, 2025 तक आयोजित 49वें अपिमोंडिया इवेंट में प्रतिभाग किया और शहद विषयक अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने शहद उत्पादन से जुड़ी उन्नत तकनीक और कार्यप्रणाली को समझा तथा उत्तर प्रदेश राज्य के कृषि और निवेश अवसरों पर हितधारकों से चर्चा की। इवेंट में दुनिया भर से मधुमक्खी पालक, वैज्ञानिक, पेशेवर उद्योगपति शामिल हुए और मधुमक्खी स्वास्थ्य, पर्यावरण और शहद की गुणवत्ता पर चर्चा हुई।

उद्यान मंत्री के डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन पहुंचने पर वहां के काउंसलर ने भारतीय संस्कार एवं संस्कृति के अनुरूप स्वागत किया। कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने कोपेनहेगन विश्वविद्यालय के प्रोफेसर हंस जोर्गेन लिंग्स जोर्गेनसेन से भी सार्थक बातचीत की और शहद उत्पादन की नवीनतम तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

मंत्री सिंह ने कहा कि शहद उत्पादन में डेनमार्क की आधुनिक तकनीक हमारे राज्य के किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। शहद को और प्रोसेसिंग कर उसका निर्यात बढ़ाने पर बल दिया जाएगा, जिससे सीधे तौर पर मधुमक्खी पालन करने वाले किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में मधुमक्खी पालन का कार्य करने वाली स्थानीय स्तर की प्रसिद्ध संस्था Bybi का दौरा किया और उसकी कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा।

सिंह ने कहा कि डेनमार्क में हमारा प्रतिनिधि मण्डल आया हुआ है। यहां की शहद उत्पादन की आधुनिक तकनीक एवं नवाचार सीख कर किसानों की उपज और उसकी बेहतर प्रोसेसिंग करके दुनिया के बाजारों तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर उद्यान मंत्री के साथ उत्तर प्रदेश से आए प्रतिनिधिमंडल में अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बी.एल. मीणा, उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहद निर्यातक निमित सिंह एवं जयदेव मौजूद रहे।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat