
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भारत सरकार से राज्य को बकाया पड़े 60,000 करोड़ रुपये के फंड तुरंत जारी करने की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की अपील की है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में मान ने उनको पंजाब में बाढ़ की गंभीर स्थिति से अवगत करवाया और इस को लंबे समय बाद आई सबसे भयावह प्राकृतिक आपदा बताया।
उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा से लगभग 1,000 गांव और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। भारी वर्षा और बांधों से छोड़े गए पानी के चलते गुरदासपुर, कपूरथला, अमृतसर, पठानकोट, फिरोजपुर, फाज़िल्का और होशियारपुर में हालात गंभीर हैं। स्थिति औरबिगड़ती जा रही है। आने वाले दिनों में हालात और भी बिगड़ सकते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अब तक लगभग 3 लाख एकड़ कृषि भूमि, मुख्यतः धान की फसलें, पानी में डूब चुकी हैं। फसल कटाई से पहले भारी नुकसान हो गया है। पशुओं की हानि से डेयरी फार्मिंग और पशुपालन पर निर्भर ग्रामीण परिवार भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।