
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, आशियाना, लखनऊ : रविवार 3 अगस्त 2025 मित्रता दिवस के पावन अवसर पर इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी द्वारा संचालित ब्रज की रसोई सेवा कार्यक्रम का भव्य आयोजन लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में किया गया।
संस्था की राष्ट्रीय महिलाध्यक्ष रजनी शुक्ला ने बताया कार्यक्रम साईं मंदिर परिसर से सायं 3 बजे से शुरू होकर सेक्टर-एम रिक्शा कॉलोनी, रतन खंड, डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के समीप झुग्गियाँ, निर्माणाधीन भवनों में कार्यरत श्रमिकों के अस्थायी निवास, नगर निगम जोन-8 की मलिन बस्तियाँ, एवं रतनखण्ड पानी टंकी क्षेत्र जैसे चिन्हित क्षेत्रों में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 1400 अकिंचन, निराश्रित, असहाय एवं जरूरतमंद, बेसहारा बुज़ुर्गों और निराश्रित बच्चों को निःशुल्क पौष्टिक भोजन ससम्मान उपलब्ध कराया गया।

आशीष श्रीवास्तव ने बताया भोजन वितरण से पूर्व साईं मंदिर परिसर में सामूहिक प्रार्थना का आयोजन हुआ, जिसमें सबने मिलकर सर्वकल्याण और मानव सेवा की भावना के साथ प्रार्थना की।

इस सेवा आयोजन की विशेष बात यह रही कि सभी अतिथियों को भोजन केवल दान नहीं, सम्मान, अपनत्व और प्रेम के साथ परोसा गया।

संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने बताया, सेवा को एक पर्व की तरह मनाने की परंपरा ही ब्रज की रसोई की आत्मा है। मित्रता दिवस पर यह आयोजन एक संदेश है कि सच्ची मित्रता वही है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति के साथ खड़ी हो।
विकास पाण्डेय ने कहा कार्यक्रम की झलकियों में बच्चों के हँसते चेहरे, पंक्तिबद्ध भोजन व्यवस्था, और सेवा करते स्वयंसेवकों की भाव-भंगिमा ने मानवता का सुंदर चित्र प्रस्तुत किया।
मुकेश कनौजिया बताते हैं कि कार्यक्रम में संस्था के समर्पित स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। विकास पाण्डेय, अनुराग दुवे, दिनेश कुमार पाण्डेय, आशीष श्रीवास्तव, मुकेश कनौजिया, नवल सिंह सहित संस्था की राष्ट्रीय महिलाध्यक्ष रजनी शुक्ला ने सेवा भाव से न केवल भोजन वितरण किया, बल्कि प्रत्येक लाभार्थी से आत्मीयता का व्यवहार कर सामाजिक करुणा का परिचय भी दिया।