
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शनिवार भटनी स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-1 विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर-2 यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) आर एन सिंह, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पाण्डेय समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

निरीक्षण में मंडल रेल प्रबंधक जैन ने पैदल उपरिगामी पुल से भटनी यार्ड का मुयायना किया और यार्ड के विकास के सम्बंध में अधिकारियों से मंत्रणा की। इसके उपरान्त उन्होंने प्लेटफॉर्म सं 1 का निरीक्षण किया और प्लेटफॉर्म पर चल रहे निर्माण कार्यो को देखा। इसी क्रम में स्टेशन के दूसरे छोर पर स्थित गार्ड एवं लोको पायलट रनिंग रूम का भी गहन निरीक्षण किया और वहां कर्मचारियों को मिलने वाली सुख सुविधाओं का संज्ञान लिया। उन्होंने रनिंग रूम में मिलने वाली सुख सुविधाओं पर संतोष किया और रख रखाव के सम्बंध में संबंधित को दिशा निर्देश दिया।