लखनऊ: महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले में आज दोपहर चालक के नियंत्रण खोने से एक बस खाई में जा गिरी। हादसे में 33 यात्रियों की मौत हो गयी। बस में सवार लोग पिकनिक के लिए महाबलेश्वर जा रहे थे। जिला क्लेक्टर विजय सूर्यवंशी ने समाचार एजेंसी को बताया कि बस कोंकण क्षेत्र में एक कृषि विश्वविद्यालय के 34 कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। बस यहां से करीब 180 किलोमीटर दूर पोलादपुर शहर के निकट अम्बेनाली घाट में 500 फुट गहरी एक खाई में गिर गयी। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब साढ़े बारह बजे के करीब हुये हादसे में 33 यात्रियों की मौत हो गयी।

ख़बरों के मुताबिक पुलिस अधीक्षक अनिल परास्कर ने कहा है कि यात्री पिकनिक के लिए सतारा जिले में स्थित पर्यटन स्थल महाबलेश्वर की ओर जा रहे थे। उसी समय बस चालक ने एक मोड़ पर वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया और यह खाई में जा गिरी। उन्होंने बताया कि बस में सवार सभी यात्री दपोली शहर स्थित कोंकण कृषि विद्यापीठ के कर्मचारी थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय पाटिल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस से शवों को निकालने के लिए घटनास्थल पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम को बुलाया गया है। एक दर्जन एम्बुलेंस और 15 डॉक्टर भी घटनास्थल पर पहुंच गये हैं।

अंबेनाली महाराष्ट्र से करीब 100 किलोमीटर दूर है। इस घटना के फौरन बाद राहत और बचाव के लिए राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) को मौके पर रवाना कर दिया गया है। राहत के लिए ट्रैकर की मदद ली जा रही है। पहाड़ की चढ़ाई में प्रशिक्षित लोगों की मदद ली जा रही है।
उधर, इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा कि महाराष्ट्र हुई इस दुर्घटना से उन्हें काफी दुख पहुंचा है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति अपनी सांत्वना व्यक्त की।
इस घटना पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोगों की मदद करने को कहा। राहुल गांधी ने कहा कि मुझे रायगढ़ बस दुर्घटना के बारे सुनकर काफी दुख पहुंचा है। महाराष्ट्र में हुई इस घटना में काफी लोगों की मौत हो गई है। मैं उस क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे जहां तक संभव हो पाए घायलों और अपने परिवारजनों को खो इस हादसे में खो चुके लोगों की मदद करें।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat