
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन द्वारा आयोजित 5वें टी.एन. बाजपेई स्मृति खेल सप्ताह टूर्नामेंट का शुभारंभ सोमवार 16.02.2026 को रेलवे स्टेडियम, लखनऊ में मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष कॉमरेड सुधीर तिवारी, मण्डल सचिव, कॉमरेड विभूति मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने कहा कि खेल गतिविधियाँ कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन एवं आपसी समन्वय को भी प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।
खेल सप्ताह के प्रथम दिवस खिलाड़ियों ने अत्यंत उत्साह एवं खेल भावना के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। संपूर्ण आयोजन उत्साह, ऊर्जा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यूनियन पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन कर्मचारियों के मध्य आपसी भाईचारे, सहयोग एवं समन्वय को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस खेल सप्ताह में लखनऊ मंडल की कुल 24 टीमें सहभागिता कर रही हैं, जिनके मध्य कुल 23 मैच खेले जाएंगे। प्रतिदिन 04 मैच आयोजित किए जा रहे है एवं प्रतियोगिता का फाइनल मैच दिनांक 24.02.2026 (शनिवार) को खेला जाएगा।
उल्लेखनीय है कि खेल सप्ताह के माध्यम से मंडल के विभिन्न विभागों के कर्मचारी एक मंच पर आकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आपसी सौहार्द को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat