
मनोज श्रीवास्तव, लखनऊ / अयोध्या : ट्रिपल इंजन की सरकार में महिलाएं हर क्षेत्र में तरक्की कर रही हैं। बेरोजगारी का अभिशाप कहें या सोशल साइट्स का स्याह पक्ष कि महिलाओं ने गिरोह बना कर लूट शुरू कर दी है। अयोध्या कोतवाली पुलिस ने रामनवमी मेले में चोरी व लूटपाट के इरादे से आईं पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। जबकि गिरोह से जुड़े दो पुरुष आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए। आरोपियों के पास से ई रिक्शा में एक महिला के गले से उड़ाई गई चेन भी बरामद हुई है। सभी आरोपी जौनपुर व आजमगढ़ की रहने वाली है।
29 मार्च को मिर्जापुर निमौली थाना पूराकलंदर निवासी क्रांति कुमारी अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से ई रिक्शे से खाले का पुरवा रामघाट जा रही थी। मानस भवन से आगे बढ़ने पर चार-पांच महिलाएं भी ई रिक्शे में बैठ गई, जो कुछ दूर जाकर उतर गई। उनके जाने के कुछ देर बाद क्रांति ने देखा कि उनके गले से सोने की चेन गायब है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में उक्त महिलाओं पर चेन चोरी करने का आरोप लगाया था।
31 मार्च को आरपीएफ के एएसआई दिलीप कुमार की सूचना पर रात करीब पौने तीन बजे पुलिस कार्रवाई की गई तो पुरुष आरोपी शिवकुमार व अशोक पता अज्ञात फरार हो गए। पुलिस ने मोनिका (25) निवासी लतीरपुर शाहगंज थाना शाहगंज जनपद जौनपुर, आरती (26) निवासी बलुआ कटरा थाना मुबारकपुर आजमगढ़, प्रियंका (22) निवासी बलुआ कटरा थाना मुबारकपुर आजमगढ़, रोशनी (25) निवासी फूलपुर आजमगढ़ व किरण (30) निवासी बरसोली थाना सरपतहा जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से क्रांति की चोरी हुई चेन बरामद हुयी।
अयोध्या कोतवाल मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि पकड़ी गई महिलाओं से एक सोने की चेन बरामद हुई है जो 29 मार्च को ई रिक्शे में एक महिला से चुराई गई थी।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat