
अशाेेेक यादव, लखनऊ। हज कमिटी ऑफ इंडिया के सर्कुलर के बाद उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण व हज मंत्री मोहसिन रजा ने इस हज यात्रा रद्द रहने के संकेत दिए हैं।
शनिवार को एक बयान जारी कर हज मंत्री ने कहा, सऊदी अरब सरकार ने हज यात्रा को लेकर अभी तक भारत सरकार से कोई संपर्क नहीं किया है। इसलिए अभी हज यात्रा को लेकर कुछ स्पष्ट कह पाना मुश्किल है। लेकिन दुनिया भर में फैली कोरोना महामारी को देखते हुए यह लगभग साफ है कि इस बार हज बहुत मुश्किल है।
मोहसिन रजा ने कहा, हज के हर वर्ष सऊदी अरब में दुनिया भर से लाखों मुसलमान पहुंचते हैं। इन हालात में 20-25 लाख लोगों को मैनेज कर पाना सऊदी सरकार के लिए मुश्किल होगा। भारत से करीब 2 लाख लोग हज के लिए जाते हैं।
इन सभी हज यात्रियों का टेस्ट और तमाम अन्य व्यवस्थाएं करा पाना वहां की सरकार के लिए काफी मुश्किल होगा। इसलिए इस बार हज यात्रा लगभग नामुकिन है।
उत्तर प्रदेश के हज मंत्री मोहसिन रजा ने कहा, भारत सरकार ने कहा है कि जिन लोगों ने हज पर जाने के लिए पैसे जमा किए थे, वह अगर अपना पैसे वापस लेना चाहते हैं तो फार्म भर दें। उन्हें उनका पूरा पैसा वापस हो जाएगा।
मंत्री ने कहा कि भारत भी इन दिनों कोरोना महामारी से मजबूती के साथ लड. रहा है। सभी को सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकता है। उसी को लेकर सरकार काम कर रही है।
बता दें कि हज कमिटी ऑफ इंडिया ने देश भर की हज कमेटियों को एक सर्कुलर जारी किया है। जिसमें उसने हज 2020 की तैयारियों को फिलहाल रोकने का आदेश दिया है। हज कमिटी ऑफ इंडिया ने यह सर्कुलर सऊदी अरब सरकार द्वारा हज यात्रा पर स्थिति स्पष्ट न करने के बाद जारी किया।
कमेटी ने यह भी कहा है कि जिन यात्रियों ने हज यात्रा का आवेदन करते हुए पैसा जमा कराया था, उनका पूरा पैसा वापस किया जाएगा। कोई भी कटौती नहीं की जाएगी। हर वर्ष भारत से सऊदी अरब जाने वाले हज यात्रियों में सबसे ज्यादा संख्या उत्तर प्रदेश के मुसलमानों की ही होती है।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat