
कोडियाकराई तट के करीब कथित रूप से श्रीलंकाई समुद्री डाकुओं द्वारा बीच समंदर में किए गए हमले में तमिलनाडु के छह मछुआरे जख्मी हो गए। तटीय सुरक्षा समूह पुलिस के मुताबिक, तमिलनाडु के नगापत्तिनम जिले के सेरुथुर गांव के मछुआरे जब सोमवार रात को कोडियाकराई तट के दक्षिण पूर्वी में 13 समुद्री मील दूर मछली पकड़ रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया। वे 21 मार्च को कोडियाकराई से समुद्र में गए थे।
उन्होंने बताया कि श्रीलंका के 15 समुद्री डाकू तेज गति वाली दो छोटी नौकाओं में आए और तमिल मछुआरों पर लोहे की छड़ों से ‘हमला’ कर दिया और उनकी मछलियां, मछली पकड़ने के जाल, जीपीएस उपकरण समेत सभी कीमती सामान छीन लिए और उन्हें पानी में धकेल कर भाग गए। घायल मछुआरे करीब एक घंटे तक पानी में संघर्ष करते रहे। नगापत्तिनम के मुछआरों का एक अन्य समूह घटनास्थल के करीब से गुजर रहा था, उसने उन्हें बचाया और आज सुबह तट पर लेकर आए।
उन्होंने कहा कि पांच मछुआरों को नगापत्तिनम और वैल्लकन्नी के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मत्स्य विभाग के अधिकारी और सीएसजी पुलिस पूछताछ एवं जांच कर रहे हैं। तीन दिन पहले नगापत्तिनम के वेल्लापल्लम के तीन मछुआरों के एक समूह को श्रीलंका के समुद्री डाकू के इसी तरह के हमले का सामना करना पड़ा था।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat