
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / फ़िरोज़ाबाद : सुहाग नगरी के रूप में विख्यात फिरोजाबाद जिला अब उत्तर प्रदेश के उभरते ईको टूरिज्म गंतव्य के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है। उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड ने मदनपुर ब्लॉक स्थित रूरिया स्वरूपपुर गांव को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से विकसित किया है। करीब 3.62 करोड़ रुपए की लागत से यहां आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कर इसे एक आकर्षक और पूर्ण विकसित ईको पर्यटन स्थल का रूप दिया गया है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि रूरिया स्वरूपपुर गांव को सुनियोजित रूप से पर्यटकों के अनुकूल और आकर्षक गंतव्य के रूप में विकसित किया गया है। आगंतुकों की सुविधा और अनुभव को केंद्र में रखते हुए यहां आधुनिक शौचालय, पर्यावरण अनुकूल बांस कुटीर (बैंबू कॉटेज), लैंडस्केपिंग कार्य, ओपन एयर थिएटर, साइनेज, बच्चों के लिए प्ले जोन, गार्ड एवं सूचना केंद्र, आकर्षक गजीबो, मुख्य प्रवेश द्वार तथा तटबंध आदि का निर्माण किया गया है।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि फिरोजाबाद का रूरिया स्वरूपपुर स्थित भगवान श्रीराम का मंदिर और स्वामी जी की गुफा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं। इसके निकट स्थित रुद्राणी देवी का मंदिर स्थल की धार्मिक महत्ता को और बढ़ाता है। प्रकृति और अध्यात्म के अद्भुत मेल के कारण यहां पूरे वर्ष श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आगमन होता है। उन्होंने बताया कि ईको टूरिज्म विकास बोर्ड द्वारा हाल ही में विकसित किए गए रपड़ी ईको स्पॉट ने पर्यटकों के बीच खास पहचान बनाई है, जहां अब प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं।

प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने बताया कि रूरिया स्वरूपपुर का विकास उत्तर प्रदेश की ईको टूरिज्म नीति के अनुरूप प्रकृति संरक्षण, स्थानीय सहभागिता और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat