
अशाेक यादव, लखनऊ। लखनऊ की सुबह कोहरे और गलन के साथ हुई। सुबह के कोहरे में वाहन चालकों को हेडलाइट जलानी पड़ी। कई इलाकों में 10 मीटर दूर भी साफ नहीं दिख रहा था। पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य में दिखने लगा है। पश्चिम क्षेत्र में कई इलाकों में बारिश भी हुई। अमौसी मौसम केन्द्र के अनुसार लखनऊ में गुरुवार को बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।
हाड़ कंपाने वाली ठंड की वजह से सुबह पार्कों में सैर करने वालों की संख्या बेहद काफी कम रही। अधिसंख्य लोग घरों में दुबके रहे। शहरी क्षेत्र में रात से ही कोहरा हो गया था। अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस तक गया फिर नीचे आने लगा।
शाम तक यह 15 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बुधवार की रात में ही आसमान में बादल छा चुके थे। वहीं, एयरपोर्ट पर दृश्यता 6:00 बजे से 7:30 बजे तक 150 मीटर रही। वैसे इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम कैट 3बी की बदौलत उड़ानों पर असर नहीं पड़ा।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat