
अशाेक यादव, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी की लगातार बेहतर होती स्थिति के बीच रात्रिकालीन कर्फ्यू में सरकार ने और ज्यादा राहत देते हुये इसकी समय सीमा रात दस बजे से सुबह छह बजे के बीच तय की है। मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को कोविड-19 प्रबंधन के लिये गठित टीम-9 की बैठक में कहा कि कोरोना संक्रमण की बेहतर होती स्थिति को देखते हुए रात्रिकालीन कोरोना कर्फ्यू अब रात्रि 10 बजे से प्रातः छह बजे तक प्रभावी रखा जाए। जबकि वीकेंड लॉकडाउन पहले की तरह प्रभावी रहेगा।
उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की स्थिति नियंत्रण में है। बता दें कि बीते 24 घंटे में 125 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि 134 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। 30 अप्रैल के बाद से एक्टिव केस में लगातार गिरावट हो रही है और वर्तमान में 1,594 एक्टिव केस हैं। प्रदेश में कोरोना की रिकवरी दर और बेहतर होकर 98.6% हो गई है। अब तक 16 लाख 83 हजार से अधिक प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों से कहा कि कोरोना प्रोटोकाल की पालन सही तरीके से कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उधर, सरकार ने कोविड प्रोटोकॉल के साथ सख्त निर्देश दिया है कि सभी स्थान पर कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना अनिवार्य होगी।
मास्क के साथ प्रवेश अनिवार्य होगा, जबकि रेस्टोरेंट में आने वाले सभी लोगों का सैनिटाइजर से हाथ साफ करना भी जरूरी है। दुकान या शोरूम में पहले की तरह मास्क और सैनेटाइजर की अनिवार्यता रहेगी। साथ ही वहां हेल्प डेस्क भी बनानी होगी। आने-जाने वालों का रजिस्ट्रर बनाना होगा। इसमें नाम, पता और बाकी डिटेल रहेगी। अब तक 3 करोड़ 71 लाख से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। इनमें 3 करोड़ 13 लाख 68 हजार से अधिक लोग पहली डोज लेने वाले हैं।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat