
राहुल यादव, लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि नकल करने में समझदारी आवश्यक है। प्रदेश की भाजपा सरकार में अगर इतनी ही समझ होती तो वह समाजवादी पार्टी के उन कामों को आगे बढ़ाती जिससे प्रदेश में विकास की गतिविधियां बढ़तीं। मसलन यदि भाजपा की रूढ़िवादी सरकार वैज्ञानिक दृष्टिकोण के खिलाफ दुराग्रह न रखते हुए समाजवादी पार्टी की लैपटाॅप बांटने की दूरदर्शी योजना जारी रखती तो कोरोना के लाॅकडाउन पीरियड में शिक्षा गांव-गांव तक पहुंचती। गांव-देहात में रहने वाले तमाम छात्र स्मार्टफोन और लैपटाॅप के अभाव में आॅनलाइन शिक्षा से वंचित रह गए। भाजपाई गलती से युवाओं का एक साल बर्बाद हो गया। अब इसका जवाब तो नई पीढ़ी अगले चुनाव में ही देगी।
समाजवादी सरकार ने अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 सेवा शुरू की थी। इसके लिए अत्याधुनिक वाहनों की व्यवस्था की गई थी ताकि वे घटना स्थल पर जल्द से जल्द पहुंच सके। लेकिन भाजपा राज में पुलिस का चक्का गरीब किसान की सब्जी रौंदने का काम कर रहा है। प्रयागराज के घूरपुर सब्जीमंडी में पुलिस का शर्मनाक कृत्य दिखा है।
दरअसल भाजपा राज में कोई नीति या दृष्टि कहीं नहीं दिखती है। अपराधिक घटनाओं में भाजपा नेताओं, सांसदों-विधायकों की संलिप्तता मुखर रूप से दिखाई देती है। आश्चर्य होता है एक फर्जी शिक्षिका 25 विद्यालयों में नियुक्ति और वेतन आहरण में सफल हो जाती है। साल भर से यह खेल चलता रहा। स्वाभाविक है, बिना भाजपा के लोगों के शामिल हुए यह फर्जीवाड़ा नहीं होता।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat