
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व नेता सदन विधान परिषद केशव प्रसाद मौर्य ने विधान परिषद में सरकार की उपलब्धियों और बजट प्रावधानों पर चर्चा करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनकर उभरा है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना और अटल पेंशन योजना में उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष स्थान पर है। उन्होंने कहा कि किसानों को 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है तथा गरीबों को बड़ी संख्या में आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उज्ज्वला योजना के तहत 1.85 करोड़ से अधिक निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान कर प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था, दिव्यांग और अन्य पेंशन योजनाओं की राशि को 300 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह करने का निर्णय लिया गया है, जो 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। शिक्षा क्षेत्र में शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है, जिससे लाखों परिवारों को लाभ मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचे में भी व्यापक सुधार हुआ है। वर्ष 2017 में जहां प्रदेश में मात्र 4 हवाई अड्डे थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 16 हो गई है। ग्रामीण स्वच्छता, घरौनी योजना और संपत्ति अभिलेखीकरण में भी उत्तर प्रदेश ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग मिला है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश गन्ना, खाद्यान्न, दूध और आलू उत्पादन में देश में अग्रणी है। निजी नलकूपों के बिजली बिल के लिए बजट में 3000 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। पर्यावरण संरक्षण के तहत 37 करोड़ पौधारोपण कर प्रदेश ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत प्रदेश में एक करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर उन्हे लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होने सदन को लोकतन्त्र की गौरवशाली परम्पराओं व नियमोके अनुसार चलाने मे पीठ को तथा सत्ता व विपक्ष व सभी दलो के प्रतिनिधियों, अधिकारियो / कर्मचारियों आदि सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने मीडिया बन्धुओं को धन्यवाद दिया व सभी देश व प्रदेश वासियो, देश के बाहर रह रहे भारतवासियो को होली की अग्रिम रूप से शुभकामनायें दी।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat