
चंडीगढ़। जेबीटी भर्ती घोटाले में दस साल की सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला कल (शुक्रवार) तिहाड़ जेल से रिहा हो जाएंगे। चौटाला इस समय पैरोल पर बाहर हैं, रिहाई के लिए तिहाड़ जेल जाएंगे और औपचारिकताएं पूरी कर जेल से रिहा होंगे।
इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने यहां जारी एक बयान के दौरान कहा कि इनेलो सुप्रीमो जेल में पहुंच कागजी कार्रवाई पूरी कर रिहाई के फार्म पर हस्ताक्षर करने के बाद सुबह करीब दस बजे बजे तिहाड़ जेल से रिहा हो जाएंगे। राठी के अनुसार इस दौरान पौत्र करण चौटाला उनके साथ रहेंगे।
तिहाड़ जेल से रिहाई के बाद इनेलो सुप्रीमो गुरुग्राम स्थित अपने आवास के लिए रवाना होंगे। राठी के अनुसार पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर उनका स्वागत करेंगे। इनेलो के प्रदेश महासचिव अभय सिंह चौटाला पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि ऐलनाबाद उपचुनाव (सीट कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के समर्थन में उनके इस्तीफे से रिक्त है) में पूर्व मुख्यमंत्री लड़ सकते हैं।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat