पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अफरीदी ने संयुक्त राष्ट्र से इस मामले में दखल देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कश्मीर के लोगों को संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के तहत उनके अधिकार मिलने चाहिए। मालूम हो कि सोमवार को जम्मू कश्मीर से भारत सरकार ने अनुच्छेद 370 हटा दिया और राज्य सभा में जम्मू कश्मीर के लिए पुनर्गठन बिल पास हो गया। जम्मू कश्मीर के अब दो हिस्से होंगे। जम्मू कश्मीर व लद्दाख दो अलग-अलग केंद्रशासित प्रदेश होंगे। शाहिद अफरीदी ने भारत सरकार के इस कदम के बाद संयुक्त राष्ट्र पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र को बनाए जाने पर सवाल खड़ा किया और पूछा कि क्या यूएन सो रहा है। अफरीदी ने ट्वीट किया,
‘कश्मीरियों को संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव के तहत उनके अधिकार दिए जाने चाहिए। जैसे हम सभी के पास आजादी का अधिकार है, वैसे ही उन्हें भी मिले। अफरीदी ने कहा कि यूएन का गठन आखिर क्यों हुआ? क्या वह सो रहा है। कश्मीर में मानवता के खिलाफ जो बिना उकसावे के अपराध और दखलअंदाजी की जा रही है उसे देखना जरूरी है।
अमेरिका के राष्ट्रपति को मध्यस्थता करनी चाहिए।’ अफरीदी पहले भी कई बार कश्मीर को लेकर बयान देते रहे हैं। 2016 में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान भी उन्होंने कश्मीर को लेकर बयान दिया था। अफरीदी ने कहा था कि ‘पाकिस्तान को कश्मीर नहीं चाहिए। यह अपने चार हिस्सों को नहीं संभाल पा रहा है। सबसे बड़ी चीज इंसानियत है। लोग वहां मर रहे हैं, यह दर्दनाक है। उन्होंने स्वतंत्र कश्मीर का प्रस्ताव भी रखा था। उन्होंने लंदन में छात्रों से बात करते हुए कहा था कि, ‘मेरा कहना है कि पाकिस्तान को कश्मीर नहीं चाहिए। कश्मीर भारत को भी को भी मत दो। इसे अलग आजाद रहने दो। कम से कम मानवता जिंदा रहेगी।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat