उरई। आटा थाने के हैदलपुर में मजदूर की हत्या के मामले में आरोपित गुल्लू सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। गत 20 नवंबर को गुल्लू सिंह के बुलावे पर मृतक गोपीचरण उसके खेत पर सिंचाई करने गया था। इस दौरान गुल्लू सिंह ने उससे पाइप उठा कर खेत पर चलने को कहा पर गोपीचरण का कहना था कि जब बिजली आ जाएगी तब वह पाइप उठा लेगा। गुल्लू सिंह इसे अपनी अवज्ञा मान कर आगबबूला हो गया। इसके कारण गुल्लू सिंह ने उसकी गर्दन और सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। इसमें गोपीचरन की मौत हो गई जिसके बाद गुल्लू सिंह फरार हो गया। गोपीचरण के भाई शिवचरण की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद से पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थी। इसी दौरान थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना मिलने पर उसे दबोच लिया। उसकी गिरफ्तारी की जानकारी पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने मीडिया के सामने दी। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी और क्षेत्राधिकारी कालपी सुबोध गौतम भी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह और उनकी टीम को प्रोत्साहन के लिए 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की।
Check Also
भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती रैली, एएमसी स्टेडियम – लखनऊ कैंट में 6 फरवरी 2026 से होगी
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : रिक्रूटिंग ज़ोन उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के तहत, रिक्रूटिंग …
Suryoday Bharat Suryoday Bharat