श्रीनगर: कश्मीर में अधिकतर जगहों पर शुक्रवार रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गयी, जबकि घाटी एवं लद्दाख क्षेत्र में पारा लगातार गिर रहा है. मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आसमान साफ रहने के कारण पहलगाम को छोड़कर समूचे कश्मीर में न्यूनतम तापमान में बीती रात गिरावट देखी गयी. श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात कोकेरनाग, काजीगुंड, कुपवाड़ा, गुलमर्ग, लेह और द्रास में इस मौसम की सबसे ठंड रात महसूस की गयी. कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो एक दशक में दिसंबर महीने में सबसे न्यूनतम तापमान रहा.
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 11.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. उत्तर कश्मीर के ही कुपवाड़ा में पारे में गिरावट देखी गयी और यह शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. लद्दाख क्षेत्र के लेह शहर में शुक्रवार रात पारा आठ डिग्री गिरकर शून्य से 13.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. करगिल शहर में न्यूनतम तापमान शून्य ये 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि करगिल जिले के द्रास में तापमान शून्य से 19.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह जम्मू कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा.
Check Also
पश्चिम बंगाल में रेलवे के प्रमुख पुल पुनर्निर्माण हेतु ₹ 432 करोड़ की मंजूरी
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली / हावड़ा। भारतीय रेल ने दक्षिण पूर्व रेलवे के …
Suryoday Bharat Suryoday Bharat