
अशाेक यादव, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा प्रहार किया। अखिलेश ने सपा सांसद आजम खान के समर्थन में ट्वीट कर कहा कि राज्य सरकार को सपा सांसद पर लगाये गए झूठे मुकदमे में हार मिलेगी।
अखिलेश यादव ने सोमवार को ट्वीट किया कि जिस प्रकार हाथरस कांड में भाजपा सरकार के झूठ की पोल खुली है, उससे उत्तर प्रदेश में झूठे मुकदमों की कलई खुलनी शुरू हो गई है। न्यायपालिका और लोकतंत्र में विश्वास रखते हुए हमें पूरा भरोसा है कि आजम खान साहब के खिलाफ झूठे मुकदमे में भी राज्य सरकार को हार मिलेगी और उन्हें बहुत जल्द इंसाफ मिलेगा। रामपुर के सपा सांसद आजम खान इस समय सीतापुर जेल में बंद हैं और उन पर कई मुकदमे दर्ज हैं।
इससे पहले रविवार को अखिलेश यादव ने कहा है कि निर्दोषों को फंसाना भाजपा का एजेण्डा है। भाजपा को विपक्षी नेताओं का उत्पीड़न करके खासतौर पर खुशी मिलती है। भाजपा षड्यंत्र में लगी है। मोहम्मद आजम खां को झूठे मुकदमों में फंसाया गया है। अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में संत गाडगे बाबा की 64वीं पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं के बीच यह बात कही।
अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर भरोसा है। मोहम्मद आजम खां ने रामपुर में मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की स्थापना की। गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा तक दिलाने की व्यवस्था की। जनपद में तमाम विकास कार्य किये। यहां तक कि कुम्भ मेला की सुचारू व्यवस्था के लिए विदेशियों और साधु-संतों ने भी उनकी प्रशंसा की।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat