ब्रेकिंग:

सृजन घोटाले की सीबीआई जांच शुरू

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को कहा कि उसने बिहार में 1,000 करोड़ रुपये के सृजन घोटाला मामले में एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के अधिकारियों तथा कई बैंक अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीबीआई ने शुक्रवार को भागलपुर स्थित एनजीओ सृजन महिला विकास समिति की निदेशक मनोरमा देवी और बैंक ऑफ बड़ौदा के कई शाखा प्रबंधकों तथा अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। केंद्रीय गृह मंत्रालय से 24 अगस्त को मंजूरी मिलने के बाद उक्त कार्रवाई की गई। सीबीआई ने अपनी नई प्राथमिकी में तत्कालीन कैशियर व विशेष भूमि अधिग्रहण कार्यालय के सहायक प्रमुख के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
एफआईआर में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश रचने, जालसाजी, आपराधिक उल्लंघन के आरोप लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आदेश पर मामले की जांच शुरू करने वाली बिहार पुलिस की विशेष जांच टीम इस मामले में अब तक 14 प्राथमिकी दर्ज कर चुकी है और 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

 

सृजन घोटाला एक स्वयंसेवी संस्थान सृजन महिला विकास समिति द्वारा सरकारी खातों से फर्जी तरीके से 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा रकम हस्तांतरित कर उसका निजी उपयोग से जुड़ा है। विपक्ष की मांग पर बिहार सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराने की अनुशंसा की है।
सृजन महिला सहयोग समिति ने सरकारी विभाग और दो बैंकों के कर्मचारियों-अधिकारियों की सांठगांठ से फर्जीवाड़ा कर 884 करोड़ रुपए का चूना सरकारी खाते को लगाया है। घोटाले की इस रकम में और इजाफा होने से इनकार नहीं किया जा सकता है क्योंकि अभी दूसरे विभागों में भी पटना से आई वित्त विभाग की टीम रात-दिन ऑडिट करने में जुटी है। एनजीओ सृजन के तार झारखंड के रांची से भी जुड़े हैं। सृजन की संस्थापक मनोरमा देवी और उनकी पुत्रवधू प्रिया कुमार का मायका रांची ही है। फिलहाल प्रिया ही सृजन की सचिव हैं और फरार हैं।

इनके पिता कांग्रेसी नेता हैं, इसलिए कांग्रेस से भी इनके मधुर रिश्ते रहे हैं। रांची के एक बड़े कांग्रेसी नेता जो केंद्र में मंत्री भी रहे हैं, वे भी सृजन के जलसे में शिरकत करते रहे हैं। मनोरमा देवी के पति अवधेश कुमार रांची में वैज्ञानिक की नौकरी करते थे। वे भागलपुर के गोसाई गांव के थे। इनके निधन के बाद मनोरमा अपने बच्चों के साथ भागलपुर आ गई थीं और सबौर में एक किराए के मकान में रहने लगी। यह 1992-1993 की बात है।

Loading...

Check Also

संविधान की शपथ लेकर असंवैधानिक कार्य करना लोकतंत्र के लिए घातक – राम गोविंद चौधरी

लोकतांत्रिक व्यवस्था में सुधार की गुंजाइश या संविधान के नाम पर सिर्फ हंगामा खड़ा कर …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com