
अशाेक यादव, लखनऊ। पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। मुलायम सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मिल रही चुनौतियों से मिलकर निपटना होगा। हमें देश को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देश-प्रदेश के समस्त नागरिकों और दुनिया भर के भारतवंशियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त शहीदों को याद करने का दिन है, जिनके बलिदान से आज हम स्वतंत्र हैं। हमें आंतरिक स्वतंत्रता की रक्षा-सुरक्षा के लिए भी निरंतर सजग, सचेत, सतर्क, सक्रिय और संकल्पबद्ध रहना होगा।
देश की आजादी के लिए लाखों लोगों ने अपने प्राण न्योछावर किए और अनेको स्वतंत्रता सेनानियों ने यातनाएं सही थी। जिन उद्देश्यों के लिए स्वतंत्रता आंदोलन का संघर्ष हुआ क्या भारत उसी रास्ते पर है? यह सोचने का विषय है। अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 देश का सम्मान बचाने का चुनाव है। यह जिम्मेदारी एक-एक नौजवान को उठानी चाहिए। सत्ता में बैठे लोगों ने जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। सबसे अधिक उत्पीड़न एवं अन्याय पिछड़ों-दलितों के साथ हुआ है।
उनका संवैधानिक अधिकार आज तक नहीं मिला। 1931 के बाद देश में जातीय जनगणना ही नहीं हुयी। भाजपा जातियों में झगड़ा लगाती है। आबादी के अनुसार सबको हक और सम्मान मिलना चाहिए। सामाजिक न्याय की अवधारणा को साकार करने के लिए जब आबादी के हिसाब से आंकड़े आयेंगे तभी आनुपातिक अवसर की सुविधा सबको मिल सकेगी।
इस अवसर पर उदय प्रताप सिंह, किरणमय नंदा, अहमद हसन, राजेन्द्र चौधरी, नरेश उत्तम पटेल, डॉ साजी पॉथेन (केरल प्रदेश अध्यक्ष), रविदास मेहरोत्रा, आरके चौधरी, डॉ. राजपाल कश्यप, लीलावती कुशवाहा, डॉ. मधु गुप्ता, अरविन्द कुमार सिंह, उदयवीर सिंह, सुनील साजन, संजय लाठर, प्रदीप यादव, मो. फहद, सिद्धार्थ सिंह, विजय सिंह, राम सागर, जयसिंह जयंत, सुशील दीक्षित, व्यासजी गौड़, मीरा वर्धन, जरीना उस्मानी, राजकुमार मिश्रा सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat