दिल्ली: राफेल सौदे पर बुधवार को केंद्र सरकार को उच्चतम न्यायालय से बड़ा झटका लगा है। अदालत इस सौदे पर दोबारा सुनवाई करने के लिए तैयार हो गई है। अदालत ने सरकार की राफेल के कागज को लेकर जारी आपत्तियों को खारिज कर दिया है। सरकार ने दस्तावेज रखने को लेकर सवाल उठाए थे। अदालत का कहना है कि जो कागज अदालत में रखे गए हैं वह मान्य है।
सुप्रीम कोर्ट के इसी फैसले के तुरंत बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार पीएम मोदी पर बड़ा हमला कर दिया है। उन्होंने लिखा, ”मोदी जी हर जगह कह रहे थे कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट से राफेल में क्लीन चिट मिली है। आज के सुप्रीम कोर्ट के फैसले से साबित हो गया कि मोदी जी ने राफेल में चोरी की है, देश की सेना से धोखा किया है और अपना जुर्म छिपाने के लिए सुप्रीम कोर्ट को गुमराह किया।” केजरीवाल शुरू से ही इस सौदे पर केंद्र सरकार व पीएम मोदी को घेरते रहे हैं। बता दें कि, अदालत ने पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई के लिए सबूत के तौर पर तीन दस्तावेजों को स्वीकार कर लिया है। अदालत ने कहा कि जहां तक राफेल फैसले पर समीक्षा याचिका की सुनवाई का सवाल है, इसपर बाद में विस्तृत सुनवाई की जाएगी। इससे पहले 14 दिसंबर को दिए अपने फैसले में अदालत ने सरकार को क्लीनचिट देते हुए फ्रांस से 36 विमान खरीदे जाने की प्रक्रिया की जांच अदालत की निगरानी में करने का आदेश देने से मना कर दिया था।
Check Also
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ : आईसीआईसीआई प्रू वेल्थ फॉरएवर-विरासती योजना के लिए आसान उत्पाद
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस ने एक आसान और …
Suryoday Bharat Suryoday Bharat