ब्रेकिंग:

प्रधानमंत्री चेहरे के लिए हमारे पास कई च्वाइस, बीजेपी अपनी बताएः अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि देश नए प्रधानमंत्री की तैयारी कर रहा है। बीजेपी के पास कोई नया प्रधानमंत्री है तो बताएं। हमारे पास तो कई च्वाइस हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि कहा जा रहा है कि दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। दुनिया में सबसे ज्यादा बेरोजगार भारत में ही रहते हैं। इसका भी डंका बज रहा है। इतना ही नहीं अखिलेश ने कहा कि हेल्थ इंडीकेटर्स पर जाएं और बीमारियों पर चर्चा करें तो कई स्टडी बताती हैं कि दुनिया में सबसे ज्यादा बीमारी भारत में फैल रही हैं। इसका भी डंका बज रहा है। अखिलेश ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में विपक्षी दलों के सम्भावित गठबंधन के नेता के बारे में भाजपा द्वारा प्रश्न उठाये जाने सम्बन्धी सवाल पर कहा, ‘‘भाजपा ने 40 से ज्यादा पार्टियों के साथ गठबंधन किया है। (शनिवार को कोलकाता में तो) अभी 20-22 दल के नेता ही साथ नजर आये हैं।

जहां तक नेता का सवाल है, तो यह पूछा ही जाएगा। भारत का इतिहास बताता है कि नेतृत्व तो जनता खुद ही तय कर लेती है। आने वाले समय में आप देखेंगे कि हमारे पास कितने विकल्प हैं।‘‘उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन एक बात तो बिल्कुल सच है, और जनता स्वीकार कर रही है। जब परिणाम आएगा तो आप भी स्वीकार करेंगे कि देश नये प्रधानमंत्री का इंतजार कर रहा है। अगर भाजपा के पास कोई नया प्रधानमंत्री हो तो बताएं। हमारी तो उसे बड़ी चिंता हो रही है।‘‘ सपा प्रमुख ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि सपा और बसपा नेतृत्व ने गठबंधन के बाद सीट बंटवारे के मामले में उत्तर प्रदेश की कई सीटों पर निर्णय ले लिया है। इसका एलान भी जल्द होगा।

उन्होंने कहा कि जहां तक सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का सवाल है तो वह जहां से चुनाव लडना चाहेंगे, सपा उन्हें वहां से लड़ाएगी। मुगलसराय से भाजपा विधायक साधना सिंह द्वारा गत शनिवार को बसपा प्रमुख मायावती के प्रति अभद्र टिप्पणी किये जाने का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा नेताओं की यह भाषा उनकी हताशा का नतीजा है। चूंकि भाजपा ने अपने शासनकाल में कोई काम नहीं किया है, तो उसके नेता काम की बात कैसे करेंगे। अभी चुनाव आ रहा है तो और भी बातें होंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सिर्फ नीचे ही नहीं बल्कि सबसे ऊंची कुर्सी पर बैठे व्यक्ति की भी भाषा ऐसी ही है। वाराणसी में आज से शुरू हुए ‘प्रवासी भारतीय दिवस’ आयोजन पर अखिलेश ने कहा कि जैसा कि पिछले कई वर्षों से इंतजार हो रहा है कि प्रवासी भारतीय यहां कुछ निवेश करेंगे। शायद कुम्भ को देखने और गंगा में स्नान करने के बाद उनका मन बदलेगा और उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश होगा।

Loading...

Check Also

लखनऊ की ऐतिहासिक रेजीडेंसी बनेगी सांस्कृतिक पर्यटनका नया केंद्र : जयवीर सिंह

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा राजधानी लखनऊ की ऐतिहासिक, …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com