
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग लखनऊ द्वारा मोहान रोड, आलमनगर स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर को संवारने के लिए तेज़ी से कार्य किया जा रहा है। मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 2.31 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई। वर्तमान में परिसर में आगंतुक सुविधाओं के उन्नयन, आवाजाही में सुधार और ऐतिहासिक महत्त्व को संरक्षित करने से जुड़े कार्य तेज़ी से प्रगति पर हैं। यह परियोजना पूरी होने के बाद मंदिर परिसर अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त रूप में नजर आएगा।
यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि मंदिर के कई हिस्सों में सुधार कार्य तेजी से चल रहा है, जिनमें नया ग्रेनाइट मार्ग, संरचनात्मक सुरक्षा के लिए रिटेनिंग वॉल, और नया मुख्य प्रवेश द्वार शामिल है। बुद्देश्वर महादेव मंदिर लखनऊ के सबसे पुराने शिव मंदिरों में से एक है और हजारों भक्तों के लिए महत्वपूर्ण स्थान है। मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि, मंदिर परिसर में नया ग्रेनाइट मार्ग लगभग तैयार है। इसके साथ ही मंदिर की सीमा को सुरक्षित रखने और कटाव रोकने के लिए एक मजबूत रिटेनिंग वॉल बनाई जा रही है। नया बड़ा प्रवेश द्वार भी तैयार हो रहा है, जिससे मंदिर में प्रवेश और अधिक साफ-सुथरा और व्यवस्थित होगा।
राजा बक्शी द्वारा स्थापित यह बुद्देश्वर महादेव मंदिर भस्मासुर की प्रसिद्ध कथा से जुड़ा है। स्थानीय मान्यता के अनुसार, भगवान शिव द्वारा वरदान देने के बाद जब भस्मासुर उसे भगवान शिव पर ही आज़माने लगा, तो देवता इसी स्थान पर आए और समाधान खोजा। माना जाता है कि यहीं उन्हें भस्मासुर का ध्यान भटकाने के लिए नृत्य का उपाय सुझा। फिर नृत्य करते-करते भस्मासुर ने अपना हाथ अपने सिर पर रखा और स्वयं ही भस्म हो गया। इसी कथा से मंदिर के नाम की उत्पत्ति भी जुड़ी मानी जाती है।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat