
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / सहारनपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए विभिन्न जनपदों में मंत्रीगण और अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी क्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने सहारनपुर जनपद में आयोजित 10वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप मे किया और स्वयं भी योगाभ्यास किया।
योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है और यह हमारे जीवन को स्वस्थ और संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने उपस्थित लोगों को योग के विभिन्न आसनों का महत्व बताया और इसके नियमित अभ्यास की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक शांति के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए ताकि हम एक स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकें।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून 2024 तक ‘योग सप्ताह’ के रूप में मनाया गया, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग का लाभ पहुंचाना था। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर योग सत्र आयोजित किए गए।
योग सप्ताह के दौरान, सहारनपुर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने एक सुर में योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया और सरकार द्वारा इस पहल की सराहना की। योगेन्द्र उपाध्याय ने कार्यक्रम के अंत में सभी का धन्यवाद किया और स्वस्थ, समृद्ध और योगमय जीवन की कामना की।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat