Breaking News

योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश शीघ्र ही देश का अग्रणी और विकसित राज्य होगा : राम नाईक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश दिवस के समापन समारोह को सम्बोधित करते हुए राम नाईक ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश अब प्रगति की राह पर है और उत्तम प्रदेश बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब यह सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश शीघ्र ही देश का अग्रणी और विकसित राज्य होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहेगा। 
राज्यपाल ने यह विचार आज यहां अवध शिल्प ग्राम में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के समापन समारोह को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य के गठन के 68 वर्ष बाद यहां पर पहला ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ मनाया जा रहा है, जो हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ मनाने का सुझाव उन्होंने सरकार को दिया था, जिसे मानते हुए इसका आयोजन किया गया है।
समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 24 जनवरी, 1950 को उत्तर प्रदेश का गठन हुआ, परन्तु इसका स्थापना दिवस आज तक कभी नहीं मनाया गया।
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश असीमित सम्भावनाओं वाला प्रदेश है। इसके पास देश को नेतृत्व देने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि स्टार्ट-अप योजना के माध्यम से युवाओं के ‘इनोवेटिव आइडिया’ को बढ़ावा दिया जाएगा। अगले वर्ष युवाओं को 5 लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उन्हें रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह वर्ष किसानों को समर्पित था, जिसके तहत उन्हें एक लाख करोड़ की मदद दी गई, जिसमें से 80 हजार करोड़ रुपए डी0बी0टी0 के माध्यम से सीधे उनके खातों में पहुंचाए गए। राज्य सरकार अगले तीन वर्षों में इस योजना के माध्यम से 20 लाख रोजगार मुहैया कराएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। 06 लाख युवाओं को कौशल विकास मिशन के तहत पंजीकृत करते हुए, उनका कौशल विकास किया गया। इनमें से 01 लाख 20 हजार युवाओं को रोजगार मुहैया कराया गया है। राज्य सरकार उत्तर प्रदेश को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करना चाहती है, ताकि युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर मिलें।
समारोह को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डाॅ0 दिनेश शर्मा तथा पर्यटन मंत्री श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी तथा सूचना राज्यमंत्री डाॅ0 नीलकंठ तिवारी ने भी सम्बोधित किया। सूचना राज्यमंत्री ने राज्यपाल जी एवं मुख्यमंत्री जी का स्वागत पुष्प तथा शाॅल भेंट कर किया।
इससे पूर्व, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री  ने समारोह का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलित कर , उन्होंने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की वेबसाइट/सोशल मीडिया मैगजीन ‘ई-सन्देश’ को भी लाॅन्च किया।
समारोह के दौरान ‘युवा संगम’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली प्रदेश की 11 बेस्ट टीमों ने कृषि, डिजिटल प्रदेश, स्वच्छता और पारदर्शिता, उत्तम शिक्षा, स्वस्थ घर परिवार, सुरक्षित प्रदेश, अन्त्योदय से सर्वोदय, जनभागीदारी, कौशल विकास, अपना घर जैसे विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतिकरण दिया और अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश की महान विभूतियों को पुरस्कृत भी किया गया। इनमें पं0 छन्नू लाल मिश्रा (उप शास्त्रीय गायन), उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान (शास्त्रीय संगीत), श्री राजन-साजन मिश्र (उप शास्त्रीय गायन), पं0 हरि प्रसाद चैरसिया (बांसुरी वादन), सुश्री एन0 राजम (वायलिन), पं0 बिरजू महाराज (कथक), सुश्री पी0वी0 सिन्धु (बैडमिण्टन), सुश्री दीपा करमाकर (जिम्नास्टिक), सुश्री साक्षी मलिक (कुश्ती), श्री मुख्तार सिंह (कुश्ती), श्री विजय सिंह चैहान (एथलेटिक्स), श्री चेतन चैहान (क्रिकेट), श्री प्रवीण कुमार ओबराय (रोईंग), श्री जफर इकबाल (हाॅकी), श्री धमेन्द्र सिंह यादव (बाॅक्सिंग), श्री अकरम शाह (जूडो), श्री संजीव कुमार (कबड्डी), श्री अभिन्न श्याम गुप्ता (बैडमिन्टन), श्री जीतू राई (शूटिंग), सुश्री प्रशान्ति सिंह (बास्केटबाॅल), डाॅ0 गजेन्द्र पाल सिंह राघव (बाॅयो इन्फार्मेटिक्स), डाॅ0 रूप मलिक (शास्त्रीय संगीत) को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा, डाॅ0 राजीव कुमार वाष्र्णेय (जेनोमिक्स), डाॅ0 विनोद के0 सिंह (साइंस एजुकेशन), डाॅ0 संदीप शर्मा (रसायन शास्त्र), डाॅ0 अनिल भारद्वाज (फिजिकल रिसर्च), डाॅ0 सच्चिदानन्द त्रिपाठी (सिविल इंजीनियरिंग), डाॅ0 मणीन्द्र अग्रवाल (कम्प्यूटर साइंस), डाॅ0 जावेद अग्रवाल (माइक्रोबियल टेक्नोलाॅजी), डाॅ0 पुष्कर शर्मा (इम्यूनोलाॅजी), डाॅ0 संदीप त्रिवेदी (थियोरिटिकल फिजिसिस्ट), श्री हाफिज खान (मार्बल इनले), श्री इकबाल अहमद (इनले वर्क), श्री महेश कुमार सुमन (ब्लाॅक मेकिंग), श्री खलील अहमद (पंचादरी), मो0 शरीफ (वुड एण्ड बोन कार्विंग), श्री राम लाल मौर्या (रक्ताम्बरी जामदानी साड़ी), श्री मुश्ताक सरदार (काॅटन साड़ी), श्री हाजी मुहम्मद ईशाक अंसारी (सिल्क जामदानी साड़ी), श्री हाजी रईस अंसारी (वाॅल हैंगिंग), सुश्री अरूणिमा सिन्हा (पर्वतारोही/वाॅलीबाॅल, फुटबाॅल), डाॅ0 आर0बी0 सिंह (प्लाण्ट जैनेटिक्स एण्ड प्लाण्ट बाॅयो टेक्नोलाॅजी), ले0 कर्नल जसराम सिंह (16 राजपूत रेजीमेंट), लेफ्टिनेन्ट (अब कमाण्डर) श्री अरविन्द सिंह (भारतीय नौ सेना), श्री श्याम कुमार (पत्रकार), श्री अमरजीत मिश्रा (मुम्बई), श्री रवि कपूर (छायाचित्र कलाकार) आदि भी सम्मानित किए गए।
राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा रियो ओलम्पिक गेम्स के पदक विजेताओं को पुरस्कार राशि वितरण एवं सम्मान प्रदान किया गया।
इसके अलावा, राज्य निर्यात, उद्यमी, हस्तशिल्प पुरस्कारों का वितरण करने के साथ-साथ राज्य स्तरीय हथकरघा पुरस्कारों का भी वितरण किया गया। साथ ही, युवा संगम कार्यक्रम के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरण के अलावा मछुआ आवास निर्माण के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री चेतन चैहान, पशुधन मंत्री एस0पी0 सिंह बघेल, मंत्रिमण्डल के कई अन्य सदस्य, जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव राजीव कुमार, प्रमुख सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी, सूचना निदेशक अनुज कुमार झा सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Loading...

Check Also

सूर्या कमान में सेना के घुड़सवारों का शानदार प्रदर्शन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : खनऊ छावनी स्थित सूर्या खेल परिसर में घुड़सवारी प्रदर्शन ...