Breaking News

मारियुपोल इस्पात संयंत्र में ‘‘आत्मसमर्पण करने वाले’’ 2,500 यूक्रेनी सैनिकों के भविष्य को लेकर चिंता

अशाेक यादव, लखनऊ। रूस ने मारियुपोल इस्पात संयंत्र से करीब 2,500 यूक्रेनी लड़ाकों को कैदी बनाए जाने का दावा किया है और उनके खिलाफ युद्ध अपराध के मुकदमे चलाने का संकल्प लिया है, जिससे इन सैनिकों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। रूस ने अजोवस्तल इस्पात संयंत्र पर नियंत्रण के साथ शुक्रवार को मारियुपोल पर पूरी तरह कब्जा करने का दावा किया।

करीब तीन महीने तक रूसी सैनिकों की घेराबंदी में रहा यह बंदरगाह शहर अब मलबे के ढेर में तब्दील हो गया है और यहां 20,000 से अधिक नागरिकों के मारे जाने की आशंका है। रूस के रक्षा मंत्री सर्गेइ शोइगु ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मारियुपोल में अजोवस्तल इस्पात संयंत्र और पूरे शहर की ‘‘पूरी तरह मुक्ति’’ की जानकारी दी। यह इस्पात संयंत्र यूक्रेनी प्रतिरोध का प्रतीक बन गया था।

इस युद्ध में पश्चिमी देश यूक्रेन के साथ खड़े हैं और ऐसे में पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा अचानक यूक्रेन पहुंचे और वह रविवार को देश की संसद को संबोधित करेंगे। डूडा के कार्यालय ने यह जानकारी दी। यूक्रेन में युद्ध शुरू होने के बाद से पोलैंड में लाखों यूक्रेनी शरणार्थी गए हैं। पोलैंड यूरोपीय संघ में शामिल होने की यूक्रेन की इच्छा का बड़ा समर्थक है। रूस ने यूक्रेन के बंदरगाहों को बाधित कर दिया है, ऐसे में युद्धग्रस्त देश में पश्चिमी देशों की ओर से मानवीय मदद एवं हथियार पोलैंड के जरिए भेजे जा रहे है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि संयंत्र में छिपे कुल 2,439 यूक्रेनी लड़ाकों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। मंत्रालय ने यूक्रेनी सैनिकों को हिरासत में लिए जाने का एक वीडियो भी जारी किया। इन सैनिकों के परिवारों ने अपील की है कि उन्हें युद्धबंदियों के रूप में उनके अधिकार दिए जाएं और अंतत: उन्हें यूक्रेन को लौटा दिया जाए। यूक्रेन की उपप्रधानमंत्री इरिना वेरेश्चुक ने शनिवार को कहा कि यूक्रेन उनमें से ‘‘हरेक की वापसी के लिए लड़ेगा।’’ आत्मसमर्पण करने पर सैनिकों को रूस ने बंदी बना लिया और कुछ को दूरस्थ स्थानों पर ले जाया गया।

रूसी प्राधिकारियों ने इस्पात संयंत्र में छिपे कुछ लड़ाकों को ‘‘नाजी’’ तथा अपराधी बताते हुए उन पर युद्ध अपराध के लिए मुकदमा चलाने की धमकी दी है। मॉस्को समर्थित अलगाववादियों के नियंत्रण वाले पूर्वी यूक्रेन के एक क्षेत्र के प्रमुख डेनिश पुश्लिन ने शनिवार को कहा कि अपने देश के नागरिकों द्वारा नायक समझे जाने वाले यूक्रेनी लड़ाकों को निश्चित तौर पर युद्ध अपराध के लिए मुकदमे का सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि कैद किए गए लड़ाकों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, लेकिन उन्होंने इस बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी।

Loading...

Check Also

“कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने जेनिफर लोपेज और नाओमी कैंपबेल के साथ सितारों से सजे कार्यक्रम की शान बढ़ाई”

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, दुबई : ग्लैमर के चकाचौंध प्रदर्शन में, दुबई में सितारों से ...