Breaking News

खेल दिवस के अवसर पर पुरस्कार

लखनऊ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज हॉकी के मशहूर खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के मौके पर प्रदेश के खिलाड़ियों को लक्ष्मण पुरस्कार और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया। खिलाड़ियों को ये सम्मान सीएम योगी ने अपने आवास पर दिये।

 

“खेल का मान खिलाड़ियों का सम्मान” नामक इस कार्यक्रम के मौके पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम राष्ट्रीय खेल हॉकी की बात करते हैं तो पहला नाम हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का आता है, हमने इसी वजह से इटावा के सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज रखने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि हम सभी खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार और लक्ष्मण पुरस्कार देने का काम हर साल करेंगे। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को इसका फायदा मिलेगा। पूरे देश की निगाहें यूपी की ओर देख रही हैं।इसीलिए हमने सरकार में भी अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अनुभवी चेतन चौहान जी को मंत्री बनाया है।

जो खिलाड़ी ओलंपिक में मेडल जीतकर आने वाले हैं, उनकी पुरस्कार की राशि बढ़ाई जा रही है। केन्द्र की तर्ज पर हम यूपी के खिलाड़ियों को पुरस्कार देने का काम कर रहे हैं। गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को 6 करोड़ देंगे, सिल्वर मेडल में 4 करोड़ तथा कांस्य पदक पे भी केंद्र के बराबर 2 करोड़ देंगे। हमने निर्णय लिया है, जितना अमाउंट भारत सरकार देती है उतना ही सम्मान राशि हम यूपी के प्रतिभावान खिलाड़ी को देंगे।

इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत में अपर मुख्य सचिव खेल विभाग मो0 इफ्तेख़ारुद्दीन ने खेल विभाग की नीतियों तथा प्रदेश में खेल एवं खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए किये जा रहे सरकार के प्रयासों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मुख्यमंत्री एवं विभाग के मंत्री चेतन चौहान के कुशल नेतृत्व में विभाग लगातार खिलाड़ी हित में बड़े कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में बोलते हुए खेल मंत्री चेतन चौहान ने कहा कि 29 अगस्त हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द्र का जन्मदिन है, उनके जन्मदिवस को ही हम खेल दिवस के रूप में मनाते आरहे हैं।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की दुनिया अलग होती है, वे मतवाले होते हैं, दीवाने होते हैं। अपने लक्ष्य के लिए वे दिन रात मेहनत करते हैं। मैंने भी की है, मेरे रूप में पहली बार उत्तर प्रदेश में कोई अन्तर्राष्ट्रीय खिलाडी खेलमंत्री बना है। अब चीजें बदल रही हैं। समय भी बदल चुका है, पहले कहा जाता था खेलोगे कूदोगे तो बनोगे खराब परन्तु आज सभी सांसद विधायक अपने क्षेत्रों में स्टेडियम बनवाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गाँव -गाँव में युवक मंगल दल के माध्यम से प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की योजना पर काम कर रही है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने भी उपस्थित खिलाड़ियों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि अटल जी प्रधानमंत्रित्व काल में मैं राष्ट्रमंडल खेलों के लिए काम करने वाली संस्था की वित्तीय मामलों की समिति का उपाध्यक्ष रहा, मैंने देखा कि वहां चयन समिति के लोग कुल खर्चों का केवल 13 प्रतिशत खिलाड़ियों पर खर्च हो रहा था। अब उत्तर प्रदेश में एक ऐसे खेल मंत्री हैं जो कि खेलों की चयन समिति में खिलाड़ियों का ही चयन कर रहे हैं।

लक्ष्मण पुरस्कार इनको मिला-
1.दानिश मुज्तबा (इलाहाबाद)- हॉकी
2.मो.असब (मेरठ)- निशानेबाजी
3.राहुल चौधरी(मेरठ)- कबड्डी
4.सिद्धार्थ वर्मा(इलाहाबाद)-जिम्नास्टिक
5.रजनीश मिश्रा(लखनऊ)- हॉकी, वेटरर्न वर्ग
6. मो आसाब- शूटिंग

रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार इनको मिला-
7.मंजुला पाठक(देवरिया)- हैंडबॉल
8.श्रेया कुमार (लखनऊ)- सॉफ्ट टेनिस
9.गार्गी यादव( मेरठ)- कुश्ती
10.सुशीला पवार (बागपत)- वेटलिफ्टिंग
11.श्रेया सिंह (इलाहाबाद)- ताइक्वांडो
12.प्रीति गुप्ता (इलाहाबाद)- खो-खो
13.रंजना (गोरखपुर)- हॉकी, वेटरर्न वर्ग
14.अंशुल दयाल (बुंलदशहर)- जूडो, वेटरर्न वर्ग

इनको मिला विशेष सम्मान
महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप की उपविजेता भारतीय टीम की मेंबर पूनम यादव व दीप्ति शर्मा को विशेष सम्मान मिला है। पुरस्कार के तौर पर योगी सरकार ने इन्हे सात लाख रुपए की धनराशि दी।
तुर्की ओपन इंटरनेशनल पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप-2017 में सिंगल्स के साथ-साथ डबल्स के विजेता और एशियन पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप-2016 में सिंगल्स का स्वर्ण पदक जीतने वाले आइएएस सुहास एलवाई को भी 10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा पिछले साल गुवाहाटी में हुए साउथ एशियन गेम्स के पदक विजेता यूपी के प्लेयर्स को सांत्वना पुरस्कार दिया गए।

Loading...

Check Also

मीडिया ओलंपिक सीजन – टू में जमकर दिखा पत्रकारों एवं उनके बच्चों का जोश

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रेमशंकर मिश्रा व आशुतोष यादव ने मीडिया ओलंपिक-2023 सीजन ...