Breaking News

भाजपा सरकार में जनता की परेशानियां बढ़ी, रोज-ब-रोज बढ़ता ही जा रहा है मंहगाई का मुंह : अखिलेश यादव


राहुल यादव, लखनऊ । अखिलेश यादव ने कहा है कि जबसे भाजपा सरकार सत्ता में आई है, केन्द्र और राज्य दोनों में, जनता की परेशानियां बढ़ी हैं। मंहगाई का मुंह रोज-ब-रोज बढ़ता ही जा रहा है। खाद्य वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। किसान और जनता पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। अभी बदहाली के इस दौर से लोग निकल नहीं पा रहे हैं कि अब ईंधन गैस और बिजली की दरें बढ़ाकर लोगों पर भारी बोझ डाल दिया गया है।
     भाजपा ने नोटबंदी-जीएसटी लागू कर पूरे देश में व्यापारिक गतिविधियों को अवरूद्ध कर दिया है। कारोबारी उसकी मार से अभी तक उभर नहीं पा रहे हैं। औद्योगिक संस्थानों में कर्मचारियों की छंटनी हो गई। कोरोना संकट के साथ लाॅकडाउन ने तो जीवन को ही अस्तव्यस्त कर दिया। छोटे-मोटे कारोबारियों की दूकानें भी बंद हो गई। प्रदेश में चारों ओर अव्यवस्था फैली हुई है।
     इधर भाजपा ने पहले तो डीजल-पेट्रोल तथा ईंधन गैस के दामों में असाधारण वृद्धि कर जनता की कमर तोड़ दी अब प्रदेश में बिजली भी मंहगी करने की तैयारी हो गई है। पिछले 6 सालों से भाजपा केन्द्र में सत्तासीन है। उसने डीजल पर उत्पाद कर में नौ गुना वृद्धि की है। सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम गिरने के बावजूद देश में दाम कम नहीं किए। उसने स्वयं मुनाफाखोरी का यह एक दयनीय उदाहरण पेश किया है। पेट्रोलियम कम्पनियों ने घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ा दिए हैं।
     भाजपा सरकार बेहाल जनता को अब मंहगी बिजली का झटका देने की तैयारी में है। घरेलू बिजली 8 प्रतिशत तक ज्यादा मंहगी हो सकती है। राजस्व के नाम पर जनता की जेब पर डकैती डालने से भाजपा सरकार को लाज भी नहीं आती। भाजपा सरकार ने ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं के फिक्स चार्ज में 500 प्रतिशत तथा शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के फिक्स चार्ज में 69 प्रतिशत की वृद्धि की है। केवल यही नहीं, अब विद्युत विभाग द्वारा अभियान चलाकर बिजली के बिल जमा न होने के बहाने हजारों किसानों के निजी टयूबवेलों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। किसानों ने अपनी जमा पूंजी लगाकर धान की फसल लगाई थी जो अब नष्ट होने के कगार पर है।
     सच तो यह है कि आज जो भी बिजली उपलब्ध है वह समाजवादी सरकार की देन है। उस समय लगभग 300 से ज्यादा नए विद्युत सब स्टेशनों का निर्माण हुआ। भाजपा के कार्यकाल में एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ। कोई विद्युत प्लांट भी नहीं लगाया गया।
     बुनकरों को बिजली की जो रियायतें समाजवादी सरकार में दी गई थी उन्हें भी समाप्त कर दिया गया है। उनकी हालत बिगड़ रही है। छोटे कारोबारियों का धंधा बिजली की बढ़ी दरों से चौपट हो जाएगा। भाजपा सिर्फ धोखा देती रही है। नागरिकों से छल करने और उनकी गाढ़ी कमाई की लूट का भाजपा का खेल अब जनता की निगाहों में आ चुका है। जनता समय पर अपना निर्णय सुनाएगी।

Loading...

Check Also

संतोष डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी ने फाउंडर्स डे इवेंट का सफल आयोजन किया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गाजियाबाद : संतोष डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी ने हाल ही में ...