Breaking News

पहले जातिवाद, परिवारवाद और क्षेत्रवाद की बात होती थी, अब राष्ट्रवाद की: स्वतंत्र देव सिंह

अशाेक यादव, लखनऊ। राज्य भाजपा अध्यक्ष और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने आजमगढ़ उपचुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि उपचुनाव के लिए आजमगढ़ में सपा को एक भी यादव नहीं मिला, जिसे उम्मीदवार बनाया जा सके। उन्हें सैफई से उम्मीदवार भेजना पड़ा। उन्होंने सपा और बसपा को एक खानदान की पार्टियां करार दिया।

गंगा नदी से होने वाले कटान से बचाने के लिए हो रहे कार्यों का निरीक्षण करने रविवार को बलिया पहुंचे जलशक्ति मंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग क्या पार्टी चलाते हैं ? उन्होंने कहा कि जहां वंशवाद और जातिवाद होता है, वहां संस्थाएं चौपट हो जाती हैं, गुंडागर्दी जन्म लेती है, भ्रष्टाचार पनपता है। वहां कानून नहीं रहता तो सपा को क्यों लोग पसंद करेंगे ?

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले जातिवाद, परिवारवाद और क्षेत्रवाद की बात होती थी। अब मोदी और योगी के नेतृत्व में आठ सालों में देश में और पांच सालों में प्रदेश में लोगों की सोच बदली है। अब राष्ट्रवाद की बात होती है। भाजपा शासन में यह फर्क जनता महसूस कर रही है। अब न मुस्लिम तुष्टीकरण की बात होती है न जाति की। जाति धर्म से ऊपर उठकर पूरी दुनिया में देश का मान सम्मान कैसे बढ़े, इसी विचार पर काम हो रहा है।

इसी कारण प्रदेश में पांच साल से कानून का राज रहता है। कोई किसी को परेशान नहीं कर सकता। भाजपा का कार्यकर्ता हो या कोई और किसी का उत्पीड़न नहीं कर सकता, इसीलिए यहां निवेश आ रहे हैं। सपा के राज में लाठीचार्ज होता था और गोली चलती थी। अब यहां किसी की प्रॉपर्टी कब्जा करने वालों पर पीड़ित के मुकदमा दर्ज कराने पर जांच कर कानून के द्वारा कार्रवाई होती है। इसमें सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं है।

उन्होंने कहा कि डाक्टर अम्बेडकर द्वारा बनाए गए संविधान का कानून के द्वारा पालन कराया जा रहा है। इसीलिए आज 12 बजे रात को भी बेटी घर से बाहर बिना खौफ निकल सकती है। आज यूपी में कानून के राज के कारण ही शांति है और लोग निवेश कर रहे हैं। किसी व्यक्ति का कानून नहीं है कि आजम खान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फोन कर देंगे तो आतंकवादी छूट जाएगा।

Loading...

Check Also

मंदिर निर्माण कर सरकारी ज़मीन हड़पने का एक तरीका है : गुजरात हाईकोर्ट

हाईकोर्ट, अहमदाबाद सूर्योदय भारत समाचार सेवा, अहमदाबाद : अहमदाबाद के चांदलोदिया में 93 परिवारों द्वारा ...