Breaking News

केशुभाई के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उनका जीवन राज्य के विकास और हर गुजराती के सशक्तीकरण के लिए समर्पित रहा।

मोदी ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, ‘‘हम सबके प्रिय और सम्मानित केशुभाई नहीं रहे…मैं बहुत व्यथित और दुखी हूं। वह एक उत्कृष्ट नेता थे, जिन्होंने समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा। उनका जीवन गुजरात के विकास और हर गुजराती के सशक्तीकरण के लिए समर्पित रहा।’’

उन्होंने केशुभाई के पुत्र भरत से फोन पर बातचीत की और अपनी शोक संवादनाएं प्रकट कीं। उन्होंने कहा कि केशुभाई ने उनके जैसे कई युवा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और उन्हें तैयार किया। मोदी ने कहा, ‘‘उनके मिलनसार व्यवहार के चलते हर कोई उनसे प्यार करता था। उनका निधन अपूरणीय क्षति है। हम सब आज शोक में हैं। उनके परिजनों और उनके चाहने वालों के साथ मेरी संवदेनाएं हैं।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा और जन संघ को मजबूत करने के लिए केशुभाई ने पूरे गुजरात का भ्रमण किया और उन्होंने आपातकाल का पुरजोर विरोध किया। उन्होंने कहा, ‘‘किसानों के मुद्दे उनके दिल के बेहद करीब थे। मुख्यमंत्री के रूप में या सांसद या विधायक के रूप में उन्होंने किसानों के हित में कई उपाय सुनिश्चित किए।’’

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, “गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका लम्बा सार्वजनिक जीवन गुजरात की जनता की सेवा में समर्पित रहा। केशुभाई के निधन से गुजरात की राजनीति में ऐसी रिक्तता आयी है जिसका भरना आसान नहीं है। उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।”

उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी में रहते हुए गुजरात में संगठन को सशक्त करने में केशुभाई ने अहम भूमिका निभाई। सोमनाथ मंदिर के ट्रस्टी के रूप में उन्होंने मंदिर के विकास में हमेशा बढ़ चढ़कर सहयोग किया। अपने कार्यों व व्यवहार से केशुभाई सदैव हमारी स्मृति में रहेंगे। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज ट्वीट कर कहा, “भाजपा परिवार के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। जनसंघ के समय से ही संगठन के लिए कार्य करते हुए भाजपा को यशस्वी बनाने और गुजरात की सेवा करने के लिए आपको सदैव याद किया जाएगा।”

सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट कर कहा, “भाजपा के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल जी का आज सुबह गांधी नगर के अपने निजी आवास पर हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ओम शांति।”

Loading...

Check Also

कालीबाग कब्रिस्तान में गरीबों के रॉबिनहुड मुख्तार अंसारी को किया गया सुपुर्द-ए-खाक

पुत्र उमर अंसारी अपने पिता मुख़्तार की मूंछों को ऊपर की ओर करता हुआ सूर्योदय ...